मुख्यपृष्ठअपराधबेरोजगार युवाओं को नौकरी दिलाने का झांसा देकर साइबर ठगी करने वाले...

बेरोजगार युवाओं को नौकरी दिलाने का झांसा देकर साइबर ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश

-‘साइ-वार्ता’ अभियान के अंतर्गत 19 शातिर आरोपियों को पुलिस ने दबोचा

उमेश गुप्ता / वाराणसी

साइबर अपराध थाना वाराणसी ने देशभर के बेरोजगार युवाओं को 25 हजार प्रतिमाह नौकरी दिलाने का झांसा देकर करोड़ों रुपये की साइबर ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए 19 शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई देशभर से प्राप्त शिकायतों के आधार पर चलाए जा रहे ‘साइ-वार्ता’ अभियान के अंतर्गत की गई।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी फर्जी बहुस्तरीय विपणन (एमएलएम) और पिरामिड योजना के माध्यम से युवाओं को अधिक आय और आकर्षक नौकरी का लालच देते थे। शुरुआत में पंजीकरण और निवेश के नाम पर धनराशि वसूलने के बाद उन्हें नए लोगों को जोड़ने के लिए प्रेरित किया जाता था। इस प्रकार देश के विभिन्न राज्यों के सैकड़ों लोगों को ठगी का शिकार बनाया गया।
गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से 20 मोबाइल फोन, एक लैपटॉप, दो लग्जरी कारें, नकद धनराशि तथा बैंक खातों से संबंधित महत्वपूर्ण दस्तावेज बरामद किए गए हैं। जांच के दौरान पुलिस को आरोपियों के बैंक खातों में करीब चार करोड़ रुपये के लेनदेन के साक्ष्य भी मिले हैं।
साइबर अपराध थाना पुलिस के अनुसार, गिरोह संगठित तरीके से ऑनलाइन माध्यम से युवाओं को अपने जाल में फंसाकर ठगी करता था। बरामद डिजिटल उपकरणों और बैंक खातों की गहन जांच की जा रही है, ताकि ठगी की वास्तविक धनराशि, पीड़ितों की संख्या तथा गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों का पता लगाया जा सके।
पुलिस ने सभी आरोपियों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही गिरोह से जुड़े अन्य संदिग्धों की तलाश भी जारी है।

अन्य समाचार