-कहा, सीएम फडणवीस के हाथ किसने बांधे रखे हैं
सामना संवाददाता / मुंबई
केडीएमसी के शास्त्रीनगर अस्पताल में डॉक्टरों और नर्सिंग स्टाफ से मारपीट एवं अभद्र व्यवहार के आरोपी शिंदे गुट के नगरसेवक रमेश म्हात्रे को लेकर महाराष्ट्र की राजनीति गरमा गई है। शिवसेना नेता, युवासेनाप्रमुख व विधायक आदित्य ठाकरे ने राज्य सरकार और मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने सवाल उठाया कि अस्पताल में डॉक्टरों के साथ मारपीट की गई, अब उसी मामले से बचने के लिए दूसरे अस्पताल में भर्ती होना, यह वैâसी मर्दानगी है? एक तरफ डॉक्टरों की पिटाई दूसरी तरफ डॉक्टरों की आड़ में छिपना।
विधान भवन परिसर में पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि रमेश म्हात्रे स्थानीय सांसद के करीबी हैं, इसलिए सरकार उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई करने से बच रही है। आदित्य ठाकरे ने पूछा कि आखिर गृह मंत्री देवेंद्र फडणवीस के हाथ किसने बांध रखे हैं और सरकार आरोपी का बचाव क्यों कर रही है?
उप मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे पर भी निशाना साधते हुए आदित्य ठाकरे ने कहा कि भ्रष्टाचार से जुड़े सवालों का सामना करने से बचने के लिए वे अस्पताल में भर्ती होकर सलाइन लगाकर बैठे रहे। उन्होंने इसे ‘नाटक’ बताते हुए आरोप लगाया कि सरकार भ्रष्टाचार के मुद्दों से ध्यान भटकाने की कोशिश कर रही है। राज्य के तमाम गंभीर मुद्दों से सरकार भटक गई है। आदित्य ठाकरे ने यह भी आरोप लगाया कि विधानसभा में उनके भाषण को आधिकारिक वेबसाइट से हटा दिया गया। उनका कहना था कि उन्होंने राम मंदिर से जुड़े मुद्दे पर सरकार को घेरा था, जिसके बाद उनका भाषण पोर्टल से हटा दिया गया।
