मुख्यपृष्ठनए समाचारएमटीएनएल में करोड़ों का महाघोटाला!

एमटीएनएल में करोड़ों का महाघोटाला!

-केबल चोरी कांड में क्लर्क गिरफ्तार…कांदिवली एक्सचेंज तक पहुंची जांच, कई अधिकारी रडार पर

द्रुप्ति झा / मुंबई

सरकारी संपत्ति में सेंधमारी करनेवाला बड़ा मामला सामने आया है। करोड़ों रुपए के एमटीएनएल केबल चोरी कांड में क्राइम ब्रांच यूनिट-१० ने कांदिवली टेलीफोन एक्सचेंज में कार्यरत क्लर्क विनोद यादव को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि उसने पेशेवर केबल चोरों के साथ मिलकर सरकारी केबल चोरी का संगठित रैकेट चला रखा था। इस रैकेट का खुलासा ३० जून की सुबह हुआ, जब वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक विशाल राजे की टीम ने बोरीवली-पूर्व स्थित मगाठाणे टेलीफोन एक्सचेंज के पास छापेमारी कर ४ आरोपियों को केबल चोरी करते रंगेहाथ पकड़ा।
कार्रवाई के दौरान करीब ४० लाख रुपए के केबल, १ जेसीबी मशीन और सामान ढोने में इस्तेमाल टेंपो जब्त किया गया। जब्त माल की कुल कीमत लगभग १.१० करोड़ रुपए बताई गई है।
मास्टरमाइंड निकला क्लर्क
पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने साकीनाका निवासी साहिल केलकर और मनोज गुप्ता के नाम बताए। उनसे हुई पूछताछ में पता चला कि इस पूरे नेटवर्क का मास्टरमाइंड एमटीएनएल का ही कर्मचारी विनोद यादव है। पुलिस ने शुक्रवार देर रात विनोद यादव को गिरफ्तार कर लिया।
गोरेगांव-मीरारोड में भी नेटवर्क सक्रिय
जांच में सामने आया है कि वह कांदिवली के अलावा गोरेगांव, समतानगर, मीरा रोड और बोरीवली में भी केबल चोरी का नेटवर्क चला रहा था। क्राइम ब्रांच अब यह पता लगा रही है कि इस रैकेट में एमटीएनएल के और अधिकारी या कर्मचारी शामिल थे या नहीं। सूत्रों के मुताबिक, आने वाले दिनों में और गिरफ्तारियां हो सकती हैं।

अन्य समाचार