मुख्यपृष्ठनए समाचारअंधेरी में फिर अंधाधुंद चली ‘बेस्ट’ बस...मौत बनकर १४ वाहनों को रौंदा!..८...

अंधेरी में फिर अंधाधुंद चली ‘बेस्ट’ बस…मौत बनकर १४ वाहनों को रौंदा!..८ लोग गंभीर रूप से घायल

द्रुप्ति झा / मुंबई

मुंबई की सड़कों पर एक बार फिर बेस्ट की बस ने तांडव मचाया है। अंधेरी मार्वेâट एस.वी. रोड स्थित साउथ बाउंड के पास शुक्रवार शाम करीब ४.१५ बजे एक अनियंत्रित बस ने रास्ते पर चल रहे वाहनों को बेरहमी से रौंद डाला। रफ्तार और लापरवाही के इस खौफनाक मंजर में कुल १४ गाड़ियां चकनाचूर हो गई हैं, जबकि ८ लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। इस हादसे ने एक बार फिर बेस्ट प्रशासन के वेट-लीज मॉडल और ड्राइवरों की ट्रेनिंग पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं।
मिली जानकारी के अनुसार, मातेश्वरी डिपो की रूट नंबर २४२ की यह वेट-लीज बस (एमएच-०१-डीआर-६४१८) मिल्लत नगर से अंधेरी-पश्चिम बस स्टेशन की तरफ जा रही थी। जैसे ही बस सीजर रोड से अंधेरी सबवे के पास दाहिनी ओर मुड़ने लगी, अचानक ड्राइवर साहिल सूर्यकांत सावंत का बस से नियंत्रण छूट गया। रफ्तार इतनी तेज थी कि बस ने रास्ते पर चल रहे ९ ऑटो रिक्शा, ४ प्राइवेट कारों और १ थ्री-व्हीलर टेंपो को अपनी चपेट में ले लिया।
मौके पर मची चीख-पुकार
दुर्घटनाग्रस्त बस को टोइंग वैन के जरिए बस स्टेशन लाया गया। घायल मासूमों और राहगीरों को तुरंत कूपर अस्पताल और अन्य निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां कई लोगों की हालत नाजुक बनी हुई है। घटना की गंभीरता को देखते हुए डी.एन. नगर पुलिस ने बस चालक साहिल सावंत और कंडक्टर किरण अप्पा चव्हाण को हिरासत में ले लिया हैै।
मुंबईकरों में आक्रोश
इस भीषण दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर जनता का गुस्सा सातवें आसमान पर नजर आया। क्या बेस्ट प्रशासन इन निजी ठेकेदारों के ड्राइवरों की फिटनेस, मानसिक स्थिति और ट्रेनिंग की जांच करता है या मुंबईकरों को इन ‘खूनी पहियों’ के भरोसे छोड़ दिया गया है? आए दिन वेट-लीज बसों के अनियंत्रित होने और दुर्घटनाओं की खबरें आती रहती हैं, लेकिन बेस्ट प्रशासन सिर्फ जांच का लॉलीपॉप थमाकर पल्ला झाड़ लेता है।

अन्य समाचार