मुख्यपृष्ठनमस्ते सामनाप्रयागराज में सनसनी : कहा-सुनी के बाद पति ने पत्नी का चाकू से...

प्रयागराज में सनसनी : कहा-सुनी के बाद पति ने पत्नी का चाकू से गला रेता…गंभीर हालत में एसआरएन में भर्ती

राजेश सरकार / प्रयागराज

शहर के प्राचीन ठठेरी बाजार (चौक) क्षेत्र में गुरुवार दोपहर घरेलू विवाद ने खूनी रूप ले लिया। पति-पत्नी के बीच हुई कहासुनी के बाद एक युवक ने अपनी 30 वर्षीय पत्नी पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। आरोपी ने पत्नी के गले पर वार कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। खून से लथपथ महिला को पुलिस ने तत्काल स्वरूप रानी नेहरू (एसआरएन) अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। घटना से इलाके में सनसनी फैल गई।
जानकारी के अनुसार, ठठेरी बाजार निवासी अभिषेक गुप्ता की शादी करीब 12 वर्ष पहले कौशांबी जनपद के कड़ा धाम निवासी शशि गुप्ता (30) से हुई थी। शशि हंडिया में ब्यूटी पार्लर संचालित करती हैं। दंपती के दो बच्चे हैं—10 वर्षीय पुत्र अंश और 8 वर्षीय बेटी लाडो।
घायल महिला के भाई रवि मोदनवाल ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से बहन और बहनोई के बीच किसी बात को लेकर लगातार विवाद हो रहा था। अभिषेक चौक क्षेत्र में हुक्का फ्लेवर का कारोबार करता है। गुरुवार दोपहर करीब एक बजे शशि के बेटे अंश ने अपने मामा रवि को फोन कर घबराई आवाज में कहा, “मम्मी को पापा बहुत मार रहे हैं, जल्दी आ जाओ।”
बच्चे का फोन मिलते ही रवि ने सोहबतियाबाग में रहने वाले एक रिश्तेदार को मौके पर भेजा। वहां पहुंचने पर पता चला कि अभिषेक ने पत्नी के गले पर चाकू से वार कर दिया है। बच्चों के अनुसार, माता-पिता के बीच पहले कहासुनी हुई, जिसके बाद अभिषेक ने घर में रखा चाकू उठाया और शशि के गले पर हमला कर दिया। वार के बाद महिला के गले से तेज़ी से खून बहने लगा और वह घर के भीतर ही गिर पड़ी।
शशि की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। पड़ोसियों को आता देख आरोपी अभिषेक वहां से भाग निकला और सीधे स्थानीय थाने पहुंच गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल महिला को तत्काल एसआरएन अस्पताल भेजा, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उसका उपचार चल रहा है।
पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में घटना की वजह पति-पत्नी के बीच लंबे समय से चला आ रहा घरेलू विवाद बताया जा रहा है। पुलिस परिवार के सदस्यों और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ कर पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। महिला की चिकित्सकीय स्थिति के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

अन्य समाचार

हम दोनों!