राजेश सरकार / प्रयागराज
यमुनानगर के औद्योगिक थाना क्षेत्र स्थित पुरवा खास गांव में गुरुवार भोर एक 27 वर्षीय युवक ने फंदे से लटककर जान दे दी। घटना से परिवार में कोहराम मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची तथा शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले की जांच जारी है। मृतक की पहचान अंकित मिश्रा (27) पुत्र लालचंद मिश्रा के रूप में हुई है। वह तीन भाइयों में दूसरे नंबर का था और गांव की सरकारी राशन की दुकान पर कार्य करता था। करीब छह वर्ष पहले उसका विवाह हुआ था। परिवार में उसकी पत्नी और तीन बेटियां हैं। परिजनों के अनुसार, गुरुवार भोर जब घर के लोग अंकित के कमरे में पहुंचे तो उसका शव फंदे से लटकता मिला। यह दृश्य देखकर परिवार के लोगों के होश उड़ गए और चीख-पुकार मच गई। शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए। सूचना पर औद्योगिक थाना पुलिस और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने कमरे की गहन तलाशी ली, लेकिन मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ। प्रारंभिक पूछताछ में परिजन भी आत्महत्या का स्पष्ट कारण नहीं बता सके। पुलिस के अनुसार, जांच में यह जानकारी सामने आई है कि अंकित का अपनी पत्नी से किसी बात को लेकर विवाद चल रहा था। इसी वजह से उसकी पत्नी पिछले लगभग तीन महीने से नैनी स्थित अपनी बहन के घर रह रही थी। फिलहाल पुलिस घरेलू विवाद को आत्महत्या की संभावित वजह मानकर सभी पहलुओं की जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों का कहना है कि अभी किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी और सभी तथ्यों की निष्पक्ष जांच की जा रही है।
