मुख्यपृष्ठनए समाचारसबसे महंगा टोल, बनते ही हुआ होल!

सबसे महंगा टोल, बनते ही हुआ होल!

-उद्घाटन के 12वें दिन धंसा लखनऊ-कानपुर ग्रीनफील्ड नेशनल एलिवेटेड एक्सप्रेस-वे!

मनोज श्रीवास्तव / लखनऊ

4200 करोड़ रुपये की लागत से बने लखनऊ-कानपुर ग्रीनफील्ड नेशनल एलिवेटेड एक्सप्रेस-वे उद्घाटन के महज 12 दिन बाद बारिश के चलते मुख्य मार्ग का बड़ा हिस्सा धंस गया। सोशल मीडिया पर सड़क धसने का वीडियो सामने आने के बाद 26 जुलाई को मरम्मत का काम शुरू कर दिया है।विपक्ष ने निर्माण गुणवत्ता पर सवाल उठाए हैं। संबंधित एजेंसी ने मरम्मत शुरू कर दी है और तकनीकी जांच की मांग तेज हो गई है। उन्नाव के कोरारी क्षेत्र के पास कानपुर से लखनऊ जाने वाली लेन में करीब 5 से 7 मीटर तक सड़क का हिस्सा धंस गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके बाद परियोजना की निर्माण गुणवत्ता को लेकर सवाल उठने लगे हैं।सपा नेता ने सड़क धंसने का वीडियो सोशल मीडिया पर साझा करते हुए एक्सप्रेसवे के निर्माण कार्य पर गंभीर सवाल उठाए।

उन्होंने कहा कि करोड़ों रुपये की लागत से तैयार इस परियोजना में उद्घाटन के कुछ ही दिनों बाद सड़क का धंसना निर्माण गुणवत्ता पर प्रश्नचिह्न लगाता है। मामले की निष्पक्ष तकनीकी जांच कराने और जिम्मेदार एजेंसियों की जवाबदेही तय करने की मांग की। बताया जा रहा है कि लगातार हो रही बारिश के कारण सड़क के नीचे की मिट्टी खिसकने से यह स्थिति पैदा हुई हो सकती है। हालांकि, सड़क धंसने की वास्तविक वजह का पता तकनीकी जांच के बाद ही चल सकेगा। संबंधित विभाग ने अभी तक जांच पूरी होने से पहले किसी अंतिम कारण की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। घटना की सूचना मिलते ही संबंधित एजेंसी की टीम मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त हिस्से की मरम्मत का कार्य शुरू कर दिया। अधिकारियों के अनुसार, प्रभावित हिस्से पर तत्काल पैच वर्क कर सड़क को यातायात के लिए सुरक्षित बनाने का प्रयास किया गया, जिससे आवागमन सामान्य बना रहे। बता दें कि 13 जुलाई को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, नितिन गडकरी और सीएम योगी आदित्यनाथ ने 4200 करोड़ रुपए की लागत से बने 63 किमी लंबे कानपुर-लखनऊ एक्सप्रेसवे (NE 6) का उद्घाटन किया था। इसके चालू होने से दोनों शहरों के बीच का सफर 3 घंटे से घटकर मात्र 40 मिनट रह जाएगा। इस मार्ग पर अधिकतम गति सीमा 120 किमी/घंटा तय की गई है। मार्ग पर सिर्फ कार, वैन और अन्य चारपहिया वाहनों को ही चलने की अनुमति है, जबकि दोपहिया वाहन इस पर नहीं चल सकेंगे।

अन्य समाचार