-जानलेवा गड्ढों के लिए भाजपा महापौर जिम्मेदार
-मनपा अधिकारियों के खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज करने की मांग और ४८ घंटे का अल्टीमेटम
सुरेश गोलानी / मुंबई
महाराष्ट्र में महायुति मिली-जुली सरकार चला रही है, लेकिन प्रदेश में काफी अन्य शहरों और ग्रामीण इलाकों की तरह ही मीरा-भायंदर में भी शिंदे गुट और भारतीय जनता पार्टी के बीच तू-तू,मै-मै, आरोप-प्रत्यारोप और अंदरूनी कलह का सिलसिला लगातार जारी है। इस बार टकराव की वजह है ठाणे-घोड़बंदर रोड (विशेष रूप से गायमुख और होटल फाउंटन के बीच) का अनगिनत गहरे और जानलेवा गड्ढों के कारण खस्ता हाल है, जिससे भारी ट्रैफिक जाम और गंभीर हादसे हो रहे हैं। शिंदे गुट के जिलाप्रमुख राजू भोईर ने मीरा-भायंदर, वसई-विरार के पुलिस आयुक्त को पत्र लिखकर सड़क की खराब हालत और मरम्मत में बरती जा रही लापरवाही के लिए भाजपा शासित-मीरा-भायंदर महानगरपालिका की महापौर डिंपल विनोद मेहता (जो भाजपा विधायक नरेंद्र मेहता की भाभी है) और जिम्मेदार मनपा अधिकारियों के खिलाफ ४८ घंटे के भीतर आपराधिक मामला दर्ज करने की मांग की है। भोईर का आरोप है कि यातायात शाखा द्वारा शासन स्तर पर सड़क की मरम्मत करने की औपचारिक अनुरोध के बावजूद महापौर डिंपल मेहता ने कथित रूप से मनपा आयुक्त को पत्र लिखकर इस सड़क पर मरम्मत कार्य करने से रोक दिया है। अपने पत्र में भोईर ने पुलिस को ४८ घंटे का अल्टीमेटम देते हुए यह साफ कर दिया है कि अगर इस सड़क की मरम्मत नहीं की गई तो महापौर डिंपल विनोद मेहता और अन्य जिम्मेदार मनपा अधिकारियों के खिलाफ मामला दर्ज किया जाए, नहीं तो ४८ घंटे बाद तीव्र आंदोलन किया जाएगा। गायमुख और होटल फाउंटन के बीच ८-१० फीट तक गहरे गड्ढे बन गए हैं, जिनके कारण कंटेनर जैसे भारी वाहन तक पलट कर गिरने के अलावा कई हादसे हो चुके हैं। खराब सड़कों के कारण ट्रैफिक अत्यंत धीमी गति से चलता है, जिससे एंबुलेंस, स्कूली बसें और आम लोग घंटों तक जाम में फंसे रहते हैं। ज्ञात हो कि मनपा की लापरवाही के कारण मीरा-भायंदर शहर की अधिकांश मुख्य और आंतरिक सड़कें भी इस दुर्दशा का शिकार बन चुकी हैं। हजारों की संख्या में गद्दे बरसात होने पर पानी और कीचड़ से भर जाता है और गहराई पता न होने के चलते वाहन चालक और स्थानीय निवासियों खासकर स्कूल जाने वाले बच्चों और वरिष्ठ नागरिक दुर्घटना का शिकार हो रहे हैं।
महायुति में सड़क को लेकर संग्राम!
ठाणे-घोड़बंदर रोड के जानलेवा गड्ढों को लेकर शिंदे गुट ने भाजपा शासित मीरा-भायंदर मनपा पर निशाना साधा है। जिलाप्रमुख राजू भोईर ने महापौर और जिम्मेदार अधिकारियों पर ४८ घंटे में मामला दर्ज करने की मांग की है। मांग पूरी नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी गई है।
