-बेस्ट और ठेकेदारों की लापरवाही से खतरे में जान
-मजास डिपो में प्लास्टर गिरने से ३ घायल
द्रुप्ति झा / मुंबई
मुंबई के मरोल स्थित मजास बस डिपो में गुरुवार सुबह करीब ६:४५ बजे बड़ा हादसा हो गया। डिपो के स्टोर रूम सह विश्राम कक्ष की छत का प्लास्टर अचानक भरभराकर गिर पड़ा, जिससे इंजीनियिंरग विभाग के तीन मैकेनिक घायल हो गए। यह डिपो निजी ऑपरेटर मातेश्वरी अर्बन ट्रांसपोर्ट द्वारा संचालित किया जाता है। हादसे के तुरंत बाद तीनों घायलों को जोगेश्वरी ट्रॉमा केयर अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई। इस घटना ने एक बार फिर बेस्ट और निजी ठेकेदारों द्वारा संचालित डिपो के विश्राम कक्षों की जर्जर स्थिति तथा कर्मचारियों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
