मुख्यपृष्ठसमाचारराज्य निर्वाचन आयुक्त ने युवा मतदाताओं से किया संवाद, निष्पक्ष मतदान का...

राज्य निर्वाचन आयुक्त ने युवा मतदाताओं से किया संवाद, निष्पक्ष मतदान का दिया संदेश

सामना संवाददाता / जयपुर

श्री राधा गोविंद राजकीय महाविद्यालय, कंवर नगर, ब्रह्मपुरी में शुक्रवार को मतदाता जागरूकता अभियान के तहत युवा मतदाता संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य आगामी नगरीय निकाय एवं पंचायती राज संस्थाओं के चुनावों को ध्यान में रखते हुए युवाओं में लोकतांत्रिक मूल्यों, मतदान के महत्व और मतदाता जागरूकता को बढ़ावा देना था।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता एवं अध्यक्ष राज्य निर्वाचन आयोग, राजस्थान के आयुक्त राजेश्वर सिंह रहे। उन्होंने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए लोकतंत्र में युवाओं की सक्रिय भागीदारी, मतदान के अधिकार एवं दायित्व तथा जागरूक मतदाता की भूमिका पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने युवाओं से निष्पक्ष एवं निर्भीक होकर मतदान करने तथा अन्य नागरिकों को भी मतदान के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।
राजेश्वर सिंह ने कहा कि राष्ट्रीय चेतना का बीज यदि युवाओं में बोया जाएगा तो देश में सुदृढ़ लोकतंत्र का निर्माण होगा। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे चुनाव के दौरान जनप्रतिनिधियों के व्यक्तित्व, कृतित्व और चरित्र को ध्यान में रखते हुए मतदान करें, ताकि समाज और राष्ट्र के हित में कार्य करने वाले प्रतिनिधियों का चयन हो सके।
उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों का चयन कभी भी जाति और धर्म के आधार पर नहीं करना चाहिए। एक जिम्मेदार नागरिक के रूप में प्रत्येक मतदाता का दायित्व है कि वह कर्तव्यनिष्ठ, ईमानदार और समाजसेवी जनप्रतिनिधि का चुनाव करे, जो लोकतंत्र के प्रहरी के रूप में अपनी सार्थक भूमिका निभा सके।
आयुक्त ने लोकतंत्र को सशक्त बनाने में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका बताते हुए कहा कि सभी युवा अपने शारीरिक और बौद्धिक सामर्थ्य का उपयोग समाज और देश के विकास में करें तथा लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाने में सक्रिय योगदान दें।
कार्यक्रम के दौरान प्रश्नोत्तर सत्र भी आयोजित किया गया, जिसमें छात्र-छात्राओं ने निर्वाचन आयोग के गठन, उसकी भूमिका, महिलाओं की लोकतंत्र में भागीदारी, चुनावी खर्च, उम्मीदवारों की आयु एवं शैक्षणिक योग्यता, छात्रसंघ चुनाव, जातिवाद और परिवारवाद जैसे विषयों पर प्रश्न पूछे। राज्य निर्वाचन आयुक्त ने सभी प्रश्नों के सरल और विस्तारपूर्वक उत्तर दिए।
अंत में महाविद्यालय निर्वाचन साक्षरता क्लब की प्रभारी प्रोफेसर नीलम शर्मा ने महाविद्यालय में संचालित मतदाता जागरूकता गतिविधियों, जैसे पोस्टर प्रतियोगिता, स्लोगन लेखन और रंगोली प्रतियोगिता की जानकारी दी।
कार्यक्रम के समापन पर प्राचार्य प्रोफेसर लोकेश शर्मा ने सफल आयोजन के लिए महाविद्यालय के सभी कर्मचारियों का धन्यवाद ज्ञापित किया तथा राज्य निर्वाचन आयुक्त राजेश्वर सिंह के प्रति आभार व्यक्त किया।

अन्य समाचार