-यूथ कांग्रेस फाउंडेशन डे पर कांग्रेस का बीजेपी पर प्रहार
-उन्होंने कहा कि आज हम नई दिल्ली में युवाओं के खिलाफ साफ तौर पर काम करनेवाली सरकार देख रहे हैं, जो छात्रों पर एके-४७ और पैलेट गन का इस्तेमाल करती है, उन्हें ‘गटर’ कहती है और उनके भविष्य को सुरक्षित करने के लिए कुछ नहीं करती।
सामना संवाददाता / नई दिल्ली
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने रविवार को इंडियन यूथ कांग्रेस के स्थापना दिवस पर संगठन के सदस्यों को बधाई दी और कहा कि यह संगठन हमेशा से युवा भारत की एक मजबूत आवाज रहा है। अपने एक्स हैंडल पर खड़गे ने कहा कि इंडियन यूथ कांग्रेस के स्थापना दिवस पर सभी सदस्यों को हार्दिक बधाई! इंडियन यूथ कांग्रेस हमेशा से युवा भारत की एक मजबूत आवाज रही है, जो कि हमारे संवैधानिक मूल्यों के लिए खड़ी रही है, सत्ता के सामने सच बोलती रही है और अन्याय व नफरत के खिलाफ निडर होकर लड़ती रही है।
उन्होंने कहा कि जब नई पीढ़ी भारत का भविष्य संवारने के लिए आगे आ रही है तो आइए हम उनकी बात सुनें, युवाओं की आवाज को बुलंद करें, उनके सपनों और उम्मीदों को पूरा करने में मदद करें और एक ऐसा भारत बनाएं जहां ज्यादा मौके, बराबरी और उम्मीदें हों। भविष्य युवाओं का है। भविष्य को संवारना हमारे हाथ में है। वहीं कांग्रेस महासचिव के.सी. वेणुगोपाल ने भी ‘यूथ कांग्रेस डे’ पर इंडियन यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं और नेताओं को बधाई दी। उन्होंने युवा नेताओं को मंच देने और भारत के युवाओं से जुड़े मुद्दों को उठाने में संगठन की भूमिका पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि पिछले कई दशकों में इंडियन यूथ कांग्रेस ने अनगिनत प्रतिभाशाली नेताओं को जनसेवा में योगदान देने के लिए मंच दिया है और यह भारत के युवाओं के लिए अपनी चिंताओं को रखने का एक अहम जरिया रहा है।
