-सुप्रीम कोर्ट में शिवसेना का मामला आते ही
-आदित्य ठाकरे का तीखा हमला
-सुप्रीम कोर्ट में शिवसेना का मामला आते ही
-एकनाथ शिंदे दरेगांव क्यों भाग जाते हैं?
-आदित्य ठाकरे का तीखा हमला
सामना संवाददाता / मुंबई
शिवसेना नेता, युवासेनाप्रमुख व विधायक आदित्य ठाकरे ने कल उप मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे पर जोरदार हमला बोला। उन्होंने व्यंग्यात्मक सवाल किया कि शिवसेना पार्टी और चुनाव चिह्न को लेकर सर्वोच्च न्यायालय में चल रहे मामले की सुनवाई की तारीख आते ही उसी अवधि में शिंदे सातारा के दरेगांव क्यों भाग जाते हैं?
आदित्य ठाकरे ने एक कार्यक्रम के दौरान पत्रकारों से बातचीत की। राज्य के वन मंत्री गणेश नाईक ने आरोप लगाया था कि बिल्डरों के कहने पर क्लस्टर योजना के माध्यम से एकनाथ शिंदे ने महाराष्ट्र को दस वर्ष पीछे धकेल दिया है। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए आदित्य ठाकरे ने कहा कि मंत्रियों के पास बहुत सारा डेटा होता है। गणेश नाईक ने जो कहा है, वह सच भी हो सकता है। शिंदे ने केवल महाराष्ट्र को ही नहीं, बल्कि मानवता को भी सैकड़ों वर्ष पीछे धकेल दिया है।
फुटबॉल मैदान बचाने के लिए प्रधानमंत्री को पत्र
मुंबई में फुटबॉल का मैदान बचाने के लिए फुटबॉल खिलाड़ियों ने सीधे प्रधानमंत्री को पत्र लिखा है। पत्र में उन्होंने अनुरोध किया है कि फुटबॉल के मैदान को भाजपा के ठेकेदारों की झोली में न डालें। आदित्य ठाकरे ने कहा कि शिवसेना भी मैदान बचाने के लिए संघर्ष कर रही है। मनपा में शिवसेना के पार्षद भी इस मुद्दे पर विरोध करेंगे।
फडणवीस ने मेसी को भी धोखा दिया
इस दौरान आदित्य ठाकरे ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस पर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि विश्वप्रसिद्ध फुटबॉल खिलाड़ी लियोनेल मेसी के साथ सेल्फी लेने के लिए मुख्यमंत्री फडणवीस ने ‘महादेवा प्रोजेक्ट’ शुरू किया था, लेकिन अब वह बंद हो गया है। इस तरह फडणवीस ने मेसी को भी धोखा दिया है। आदित्य ठाकरे ने तंज कसते हुए कहा कि बड़े-बड़े खिलाड़ी भी मेसी को धोखा नहीं दे सकते, लेकिन फडणवीस ने उन्हें भी धोखा दे दिया।
