मुख्यपृष्ठसमाचाररांची में पुलिस द्वारा लाठीचार्ज के विरोध में भाजपा के झारखंड बंद...

रांची में पुलिस द्वारा लाठीचार्ज के विरोध में भाजपा के झारखंड बंद का आज मिलाजुला असर

अनिल मिश्र / रांची

झारखंड प्रदेश में जेपीएससी-जेएसएससी एवं भर्ती परीक्षाओं में अनियमितताओं के खिलाफ कल विधानसभा घेराव के दौरान अभ्यर्थियों पर पुलिस कार्रवाई के विरोध में भाजपा ने आज झारखंड बंद बुलाया था। इस बीच लगभग सभी जिलों में मिलाजुला असर देखने को मिला। विभिन्न प्रतिष्ठानों के मालिकों ने खुद ही अपनी दुकानें बंद रखीं। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने सड़कों पर राज्य सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया।
वहीं, हजारीबाग में भाजपा द्वारा झारखंड बंद का व्यापक असर देखने को मिला। इस बीच भाजपा कार्यकर्ता सुबह से ही सड़कों पर देखे जा रहे हैं। जिला अध्यक्ष विवेकानंद सिंह की अगुवाई में पार्टी कार्यकर्ता विभिन्न प्रतिष्ठानों को बंद कराते हुए देखे गए।
जबकि इस्पात नगरी जमशेदपुर में भाजपा द्वारा झारखंड बंद का मिलाजुला असर देखने को मिला। इस बीच छात्रों पर हुए लाठीचार्ज का विरोध करते हुए भाजपा कार्यकर्ताओं ने कई दुकानों को बंद करवाया।
आज के झारखंड बंद में जिस प्रकार आम जनता, व्यापारी और युवा स्वतःस्फूर्त रूप से शामिल हुए, वह सरकार के प्रति बढ़ते जनआक्रोश का प्रमाण है। JPSC-JSSC CGL परीक्षा की विश्वसनीयता पर गंभीर सवाल खड़े हो चुके हैं। ऐसे में सरकार को हठधर्मिता छोड़कर परीक्षा रद्द करनी चाहिए और पूरे मामले की CBI जांच कराकर दोषियों को कठोर सजा दिलानी चाहिए।
पूर्व मंत्री भानु प्रताप शाही ने कहा कि आज का झारखंड बंद केवल राजनीतिक बंद नहीं था, बल्कि झारखंड के लाखों युवाओं के भविष्य और उनके अधिकार की लड़ाई थी। जिस तरह राज्यभर में बंद को अभूतपूर्व समर्थन मिला, उससे स्पष्ट है कि जनता छात्रों पर हुए अत्याचार से आक्रोशित है।
उन्होंने कहा कि हेमंत सरकार युवाओं को रोजगार देने में विफल रही और जब युवा अपने अधिकार की आवाज उठा रहे हैं तो उन पर लाठियां बरसाई जा रही हैं। यह सरकार की बौखलाहट को दर्शाता है।
इस बीच शाही ने कहा कि भाजपा छात्रों के साथ खड़ी है और जब तक JPSC-JSSC CGL परीक्षा रद्द कर पूरे मामले की CBI जांच नहीं होती, तब तक भाजपा युवाओं की आवाज को मजबूती से उठाती रहेगी।
भाजपा रांची महानगर जिलाध्यक्ष वरुण साहू ने कहा कि रांची सहित पूरे झारखंड में बंद को जिस प्रकार व्यापक जनसमर्थन मिला, वह ऐतिहासिक है। रांची की सड़कों पर हजारों भाजपा कार्यकर्ताओं ने उतरकर दुकानदारों और आम नागरिकों से बंद को सफल बनाने की अपील की।
उन्होंने कहा कि आज झारखंड की जनता ने छात्रों पर हुई बर्बर पुलिसिया कार्रवाई के खिलाफ अपनी आवाज बुलंद कर सरकार को कड़ी चेतावनी दी है। सरकार यह समझ ले कि युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ और लोकतांत्रिक आंदोलन को कुचलने की कोशिश का जवाब जनता लोकतांत्रिक तरीके से देगी।
इस बीच साहू ने कहा कि भाजपा की मांग बिल्कुल स्पष्ट है। JPSC-JSSC CGL परीक्षा रद्द हो, पूरे मामले की CBI जांच हो, दोषियों पर कठोर कार्रवाई हो और घायल छात्रों को उचित चिकित्सा एवं न्याय मिले।
उन्होंने झारखंड बंद को सफल बनाने के लिए व्यापारी बंधुओं, सामाजिक संगठनों, युवाओं, छात्रों एवं आम नागरिकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सफलता झारखंड की जनता की जीत है और छात्रों के संघर्ष को मिले व्यापक जनसमर्थन का प्रमाण है।

अन्य समाचार