मुख्यपृष्ठनए समाचारएक देश, एक तिरंगा, एक आवाज ...शिवसेना भवन के प्रांगण में भव्य...

एक देश, एक तिरंगा, एक आवाज …शिवसेना भवन के प्रांगण में भव्य ध्वजारोहण समारोह

सामना संवाददाता / मुंबई
‘एक देश, एक तिरंगा, एक आवाज’ का आह्वान करते हुए शिवसेना ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर भव्य ध्वजारोहण समारोह का आयोजन किया है। शिवसेना भवन के प्रांगण में १४ अगस्त की मध्यरात्रि १२ बजे शिवसेनापक्षप्रमुख उद्धव ठाकरे के हाथों राष्ट्रध्वज फहराया जाएगा। इस अवसर पर शिवसेना नेता, युवासेनाप्रमुख एवं विधायक आदित्य ठाकरे भी उपस्थित रहेंगे।
ब्रिटिशों की गुलामी से भारत माता को मुक्त कराने के लिए अनेक देशभक्तों ने अपने प्राणों की आहुति दी। घर-परिवार और सुख-सुविधाओं का त्याग करते हुए असंख्य देशभक्तों के बलिदान के कारण ही १५ अगस्त १९४७ को देश को स्वतंत्रता मिली। इस स्वतंत्रता को चिरस्थायी बनाए रखने के लिए शिवसेना हमेशा प्रयासरत रही है। शिवसेना ने सदैव देशभक्ति और राष्ट्राभिमान की भावना को कायम रखा है।
राष्ट्र के प्रति इसी कृतज्ञता की भावना के साथ स्वतंत्रता के प्रतीक तिरंगे को फहराया जाएगा। इस समारोह में शिवसेना के सभी नेता, उपनेता, विभागप्रमुख, पदाधिकारी और शिवसैनिकों के साथ बड़ी संख्या में देशप्रेमी नागरिक उपस्थित रहेंगे। यह जानकारी शिवसेना नेता एवं सांसद अनिल देसाई ने दी।
जेन-जी में भारी उत्साह
शिवसेना का ध्वजारोहण समारोह मुंबईकरों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहता है। युवाओं की उत्स्फूर्त भागीदारी के कारण समारोह का माहौल देशभक्ति से ओतप्रोत रहता है। पिछले वर्ष तक स्वतंत्रता दिवस की सुबह ध्वजारोहण किया जाता था। हालांकि, समारोह के दौरान होने वाली भारी भीड़ और यातायात जाम को ध्यान में रखते हुए इस बार कार्यक्रम १४ अगस्त की मध्यरात्रि को आयोजित किया जाएगा।

समारोह की जोरदार तैयारियां की जा रही हैं और इसे लेकर जेन-जी युवाओं में भी भारी उत्सुकता देखने को मिल रही है।
आइए, स्वतंत्रता की मशाल जलाए रखें!
स्वतंत्रता दिवस पर होने वाले ध्वजारोहण समारोह की पृष्ठभूमि में शिवसेना ने सोशल मीडिया पर एक विशेष पोस्ट भी साझा की है। इसमें जनता से अपील की गई है कि स्वतंत्रता, संविधान और लोकतंत्र के मूल्यों का सम्मान करने के लिए हम सभी एकजुट हों और स्वतंत्रता की मशाल को सदैव जलाए रखें।

अन्य समाचार