मुख्यपृष्ठनए समाचारगड्ढों पर होगा संग्राम! ... नासिक में भाजपा को घेरेगी शिवसेना

गड्ढों पर होगा संग्राम! … नासिक में भाजपा को घेरेगी शिवसेना

कुंभ मेले के खर्च का मांगेगी हिसाब
सामना संवाददाता / नासिक
सिंहस्थ कुंभ मेले की तैयारियों को लेकर महाराष्ट्र में सियासी संग्राम अब सड़क पर उतरनेवाला है। कुंभ मेले के विकास कार्यों में कथित अनियमितताओं, भारी-भरकम खर्च और शहर की बदहाल सड़कों को लेकर शिवसेना ने भाजपा और महायुति सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है।
शिवसेना ने पहले ही आरोप लगाया है कि सिंहस्थ कुंभ मेले के नाम पर लगातार निविदाएं निकाली जा रही हैं, लेकिन जमीन पर जनता को सुविधाएं देने के बजाय बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार और अनियमितताओं का खेल चल रहा है। विकास कार्यों के नाम पर करोड़ों रुपए खर्च किए जा रहे हैं, जबकि नासिक की सड़कों पर गड्ढे, यातायात की समस्याएं और दुर्घटनाएं आम नागरिकों के लिए मुसीबत बनी हुई हैं।
काम पारदर्शी है तो सवालों से क्यों डर रही सरकार?
शिवसेना के आरोपों पर कुंभ मेला मंत्री गिरीश महाजन ने पलटवार करते हुए कुंभ मेले के काम पारदर्शी तरीके से होने का दावा किया था। लेकिन शिवसेना उनके खोखले दावों की पोलखोलने के लिए १७ अगस्त को सुबह ११ बजे शिवसेना कार्यालय से महापालिका कार्यालय तक मोर्चा निकालेगी। जानकारी के अनुसार, इस मोर्चे का नेतृत्व शिवसेना नेता व सांसद संजय राऊत और शिवसेना के उपनेता रवींद्र मिर्लेकर करेंगे।
गड्ढे, हादसे और करोड़ों का खर्च
शिवसेना का कहना है कि एक तरफ सरकार कुंभ मेले के नाम पर बड़े-बड़े विकास कार्यों और हजारों करोड़ रुपए के खर्च का प्रचार कर रही है, वहीं दूसरी तरफ शहर की बुनियादी स्थिति बदहाल है। अगर कुंभ के नाम पर इतना बड़ा खर्च हो रहा है तो आम जनता को उसका लाभ सड़कों पर क्यों नहीं दिखाई दे रहा? शिवसेना अब मोर्चे के जरिए सरकार से कुंभ मेले के विकास कार्यों पर होनेवाले खर्च का हिसाब मांगने जा रही है।

अन्य समाचार