मुख्यपृष्ठनए समाचारमयंक हत्याकांड का खुला पूरा कच्चा-चिट्ठा!

मयंक हत्याकांड का खुला पूरा कच्चा-चिट्ठा!

-१५ चश्मदीदों ने खोला राज!
-१,१०० पन्नों की चार्जशीट दाखिल
-दहिसर होटल से मिला वही हथियार

जेदवी / मुंबई
चर्चगेट-नालासोपारा लोकल के फर्स्ट क्लास डिब्बे में २२ वर्षीय मयंक लोहार की हत्या के मामले में पुलिस जांच में कई अहम और पुख्ता सबूत सामने आए हैं। बोरीवली जीआरपी ने बोरीवली मजिस्ट्रेट अदालत में इस मामले की करीब १,१०० पन्नों की चार्जशीट दाखिल की है। चार्जशीट में कम से कम १५ प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज हैं, जिन्होंने आरोपी रोशन सुवर्णा को बैग से चाकू निकालकर मयंक पर हमला करते देखने की बात कही है।
पुलिस के अनुसार, २३ जून को मुंबई में मूसलाधार बारिश के दौरान लोकल ट्रेन के फर्स्ट क्लास डिब्बे का दरवाजा बंद करने को लेकर २२ वर्षीय मयंक और ३० वर्षीय आरोपी रोशन के बीच विवाद हुआ था। विवाद बढ़ने के बाद आरोपी ने चाकू से मयंक पर हमला कर दिया, जिसमें उसकी मौत हो गई।
जांच के दौरान दहिसर के एक होटल के कर्मचारियों को मिला चाकू पुलिस के हाथ लगा। चार्जशीट में पुलिस ने दावा किया है कि यही चाकू मयंक की हत्या में इस्तेमाल किया गया था। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी करीब सात महीने से इस चाकू को अपने बैकपैक में रख रहा था।
६८ लोगों के बयान दर्ज
बोरीवली जीआरपी के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक पड्रीनाथ कांडे के अनुसार, जांच के दौरान कुल ६८ लोगों के बयान दर्ज किए गए हैं। इनमें मयंक के माता-पिता और भाई-बहन, आरोपी के माता-पिता तथा करीब सात महीने पहले आरोपी को चाकू बेचने वाले व्यक्ति के बयान भी शामिल हैं।

अन्य समाचार