मुख्यपृष्ठनए समाचारआदित्य ठाकरे ने किया नासिक की कीचड़ भरी सड़कों का निरीक्षण

आदित्य ठाकरे ने किया नासिक की कीचड़ भरी सड़कों का निरीक्षण

नासिक के साहसी छात्रों के वीडियो का लिया संज्ञान

सामना संवाददाता / मुंबई
नासिक में गड्ढों और कीचड़ से होकर स्कूल पहुंचने की अपनी परेशानी का वीडियो बनाकर सामने लाने वाले त्र्यंबकेश्वर तालुका के पेगलवाड़ी के विद्यार्थियों का वीडियो पूरे देश में वायरल हुआ है। इसका गंभीर संज्ञान लेते हुए शिवसेना नेता, युवासेनाप्रमुख व विधायक आदित्य ठाकरे ने गुरुवार को उस कीचड़ भरे सड़कों का दौरा किया। उन्होंने मूसलाधार बारिश के बीच कीचड़ से गुजरते हुए नासिक के विभिन्न इलाकों में सड़कों की बदहाल स्थिति का निरीक्षण किया।
आदित्य ठाकरे ने इस दौरान कहा कि एक ओर नासिक में सिंहस्थ कुंभ मेले की तैयारियों का काम चल रहा है, वहीं दूसरी ओर कई स्थानों पर सड़कें खोदकर छोड़ दी गई हैं। कहीं गैस पाइपलाइन का काम चलने की बात कही जा रही है तो कहीं किसी अन्य काम का हवाला दिया जा रहा है। यह काम भी कभी शुरू रहते हैं तो कभी पूरी तरह बंद पड़े रहते हैं। इसके कारण आम नागरिकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। आदित्य ठाकरे ने नासिक पहुंचकर पेगलवाड़ी-त्र्यंबक रोड, अंबड-सातपुर लिंक रोड, कनाडा कॉर्नर क्षेत्र और शरणपुर लिंक रोड का निरीक्षण किया। इस दौरान नासिक की सड़कों की बदहाल तस्वीर सामने आई।
आदित्य ठाकरे ने भाजपा सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि हमारा दौरा शुरू होने से पहले अचानक रात डेढ़ बजे, वह भी बारिश के बीच सड़कों की मरम्मत शुरू कर दी गई। लेकिन सुबह होते-होते सड़कों की हालत फिर पहले जैसी हो गई। चंदाखोरी और सिंहस्थ कुंभ के नाम पर अपने चहेते ठेकेदारों की जेबें भरने में जुटी भाजपा को आम नागरिकों की कोई चिंता नहीं रह गई है।
नासिक मनपा पर निकलेगा मोर्चा
नासिक की बदहाल सड़कों की ओर मनपा प्रशासन और राज्य सरकार का ध्यान आकर्षित करने के लिए शिवसेना ने मोर्चे की घोषणा की है। आगामी सोमवार, १७ अगस्त को यह मोर्चा निकाला जाएगा। शिवसेना के केंद्रीय कार्यालय से शुरू होनेवाला यह मोर्चा नासिक मनपा कार्यालय तक जाएगा। सभी दलों के लोगों को शामिल होने की अपील की है।
हाथ में बोतल का माइक और व्यवस्था से तीखे सवाल
जेनरेशन जी और जेनरेशन अल्फा की नई पीढ़ी की इन दिनों पूरे देश में चर्चा है। यह पीढ़ी अपने सवालों के जवाब खुद तलाशने के साथ ही व्यवस्था से जवाब मांगने का साहस भी दिखा रही है। पेगलवाड़ी के बच्चों ने भी ऐसा ही साहस दिखाया। उक्त स्कूल में चौथी कक्षा में पढ़नेवाले आदित्य गोहिरे ने बेहद रचनात्मक तरीके से प्लास्टिक की बोतल को माइक बनाकर अपनी समस्याओं को सामने रखा। बच्चों की इसी पहल ने नासिक की सड़कों की बदहाली को पूरे देश के सामने ला दिया।
…तो लोग ठोकेदार बनेंगे
उन्होंने कहा कि सरपंच की शिकायत के साढ़े तीन साल बाद भी उस पर कोई ध्यान नहीं है। उन्होंने मुख्यमंत्री से अपील की कि यहां नए रास्ते के लिए निधि मंजूर करें। उन्होंने कहा कि अधिकारी और विधायकों ने दौरा कर यहां की सड़कों की स्थिति का जांच की, लेकिन रास्ता आज तक नहीं बना है, सरकार अगर इस पर ध्यान नहीं देगी तो लोग ठोकेदार बनेंगे।
स्कूल की हालत पर उठाए सवाल
आदित्य ठाकरे ने दोनों छात्रों से मुलाकात कर उनके साहस की सराहना की और उन्होंने हीरे और स्मिता शिद से बातचीत कर उनकी हौसला अफजाई की। कहा कि यहां इन बच्चों में आईएएस पीसीएस और डॉक्टर बनने के सपने हैं। इन बच्चों में प्रशासन से सवाल पूछने की हिम्मत को लेकर उनका अभिनंदन किया। इस दौरान उन्होंने स्कूल की दुर्दशा को लेकर भी सवाल उठाया और कहा कि यहां मात्र चार कमरे हैं। छात्रों को जैसे-तैसे बैठना पड़ता है। शिक्षकों के कई पद रिक्त हैं।

अन्य समाचार