कांग्रेस नेताओं के साथ संयुक्त पुलिस आयुक्त से मिलीं,
मुकदमा वापसी और धमकियों पर कार्रवाई की मांग
सामना संवाददाता / मुंबई
छात्र आंदोलन के दौरान पुलिस वैन के सामने डटकर खड़ी होने के बाद सुर्खियों में आईं मॉडल और अभिनेत्री रिया अहीर का मामला अब एक नए मोड़ पर पहुंच गया है। रिया ने कांग्रेस नेताओं के साथ मुंबई के संयुक्त पुलिस आयुक्त से मुलाकात कर अपने खिलाफ दर्ज प्राथमिकी वापस लेने और सोशल मीडिया पर मिल रही धमकियों तथा कथित दुष्प्रचार के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
रिया जुलाई में नीट विवाद और छात्र आंदोलन के दौरान उस समय चर्चा में आई थीं, जब उन्होंने प्रदर्शनकारियों को ले जा रही मुंबई पुलिस की वैन के सामने खड़े होकर उसे रोकने की कोशिश की थी। रिया का कहना था कि उन्होंने केवल एक सामाजिक मुद्दे पर विरोध जताया और छात्रों के अधिकारों के पक्ष में आवाज उठाई। उनका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ और देखते ही देखते वह आंदोलन का एक चर्चित चेहरा बन गईं। मामला केवल प्राथमिकी तक सीमित नहीं रहा। रिया ने बाद में आरोप लगाया कि उनके खिलाफ सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक टिप्पणियां, कथित रूप से छेड़छाड़ की गई तस्वीरें, मानहानिकारक सामग्री और धमकियां पैâलाई जा रही हैं। इस संबंध में उन्होंने साइबर शिकायत भी दर्ज कराई।
रिया को विपक्षी नेताओं का समर्थन भी मिला है। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी की सांसद सुप्रिया सुले और शरद पवार उनसे मिल चुके हैं, जबकि समाजवादी पार्टी की सांसद डिंपल यादव ने भी उनसे मुलाकात कर समर्थन जताया। अब कांग्रेस नेताओं के साथ पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों से हुई उनकी मुलाकात ने इस मामले को और राजनीतिक बना दिया है।
