सोम प्रकाश / मुंबई
अभिनेत्री कुब्रा सैत ने अपनी बहुप्रतीक्षित वेब सीरीज ‘फर्जी 2’ की शूटिंग शुरू कर दी है। पहले सीजन में अपने दमदार अभिनय से दर्शकों का दिल जीतने वाली कुब्रा एक बार फिर सायरा के किरदार में वापसी कर रही हैं।
शूटिंग शुरू होने के मद्देनजर कुब्रा ने हाल ही में अपने सामाजिक माध्यम पर अपनी वैनिटी वैन के बाहर खिंचवाई गईं कई तस्वीरें साझा की हैं। वैनिटी वैन पर ‘सायरा’ और ‘फर्जी 2’ लिखा हुआ नजर आ रहा है। तस्वीरों के साथ उन्होंने मजाकिया अंदाज में लिखा, “क्या ये झूठी खबर है?” इसके बाद खुद ही इसकी पुष्टि करते हुए लिखा, “हाँ यार! आखिरकार बेहद उत्साहित हूँ… तो चलिए, ‘फर्जी 2’ की शुरुआत करते हैं!”
कुब्रा ने इस दिलचस्प पोस्ट के साथ यह भी लिखा, “चलिए, अब इस ढेर सारी खुशी की शुरुआत करते हैं!” उनकी पोस्ट के जरिए शो को लेकर खुशी और उत्साह साफ नजर आ रहा है। कुब्रा इससे पहले भी बता चुकी हैं कि जब उन्हें ‘फर्जी’ का प्रस्ताव मिला था, तब उन्होंने दोनों सीजन के लिए एक साथ प्रतिबद्धता जताई थी। अब उनकी यह पोस्ट लंबे इंतजार के खत्म होने और दूसरे सीजन की शुरुआत का संकेत दे रही है।
राज और डीके द्वारा निर्मित ‘फर्जी’ में कुब्रा सैत के साथ शाहिद कपूर, विजय सेतुपति, राशि खन्ना, भुवन अरोड़ा, के.के. मेनन और जाकिर हुसैन अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। पहले सीजन में कुब्रा ने सायरा का किरदार निभाया था, जो के.के. मेनन के किरदार मंसूर दलाल से जुड़ी हुई थी। हालांकि, दूसरे सीजन में उनके किरदार की कहानी किस दिशा में आगे बढ़ेगी, इसे लेकर अभी कोई जानकारी सामने नहीं आई है।
काम की बात करें तो कुब्रा सैत पिछले साल फिल्म ‘सन ऑफ सरदार 2’ के बाद इस साल निर्माता-निर्देशक प्रकाश झा की वेब सीरीज ‘संकल्प’ में नजर आई थीं, जहां उनके अभिनय को दर्शकों और समीक्षकों ने काफी सराहा था। अभिनय के अलावा लेखन, मेजबानी और हाल ही में स्टैंड-अप कॉमेडी में भी अपनी पहचान बना चुकी कुब्रा सैत प्रतिभा की धनी कलाकार के रूप में अपनी अलग पहचान बना चुकी हैं। यही वजह है कि ‘फर्जी 2’ के साथ उनकी वापसी का प्रशंसक बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।
