मुख्यपृष्ठखेलआंबेडकरनगर को २-१ से हराकर सुल्तानपुर ने जीता फाइनल

आंबेडकरनगर को २-१ से हराकर सुल्तानपुर ने जीता फाइनल

-अयोध्या की मंडलीय फुटबाल प्रतियोगिता में चार जिलों ने किया प्रतिभाग

सामना संवाददाता / सुल्तानपुर

अयोध्या परिक्षेत्र की फुटबाल प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने उतरी चार जिलों की टीमों में सुल्तानपुर ने सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए फाइनल मुकाबला जीत लिया। उसने फाइनल में २-१ से आंबेडकरनगर को हराया।
अयोध्या की मंडलीय फुटबाल प्रतियोगिता मेजबान सुल्तानपुर के पंत स्टेडियम में आयोजित की गई। के एन आई के प्रोफेसर प्रवीण कुमार सिंह ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया। विशिष्ट अतिथि के रूप में जिला क्रीड़ा अधिकारी राजेश कुमार सोनकर और एमजीएस प्रधानाचार्य महेश कुमार सिंह की उपस्थिति में प्रमुख मैच खेले गए। आंबेडकरनगर, बाराबंकी, अयोध्या और सुलतानपुर की टीमों ने इस प्रतियोगिता में हिस्सा लिया। पहला मैच सुल्तानपुर-अयोध्या के बीच खेला गया। मैच बराबरी पर रहा। इसके बाद पेनाल्टी शूटआउट में भी मैच बराबर रहा। फुटबॉल नियमानुसार ‘सडन डेथ’ में खेले गए पेनाल्टी शूटआउट में निर्णायक गोल करके अभिषेक गुप्ता ने सुल्तानपुर को विजेता बनाया। फाइनल मैच आंबेडकरनगर-सुल्तानपुर के बीच खेला गया, जिसमें सुल्तानपुर ने आंबेडकरनगर को २-१ से हराकर विजेता होने का गौरव प्राप्त किया। सुल्तानपुर की ओर से विकास और शिव कुमार ने एक -एक गोल किया, जबकि आंबेडकरनगर की ओर से एकमात्र गोल फैजान ने किया। वहीं महिला वर्ग में इकलौती मेजबान सुल्तानपुर जिले की टीम ही उपस्थित रही। नतीजतन आपस में ट्रायल मैच करा मंडलीय टीम का चयन किया गया। छात्राओं में महक, सेजल, खुशी, मुस्कान, पायल, आंचल, दरख्शां, राधिका,आंचल माली, लक्ष्मी पाल, आराधना व आकांक्षा ने अच्छे खेल का प्रदर्शन किया। समापन पर प्रधानाचार्य महेश कुमार सिंह दिलीप सिंह ने विजेता उप विजेता खिलाडियों को ट्रॉफी मेडल पहनाकर सम्मानित किया। प्रतियोगिता आयोजक राजेश कुमार कनौजिया ने प्रतियोगिता को सुचार रूप से संपन्न कराया। एमजीएस के अध्यापक दीपक सिंह, किरण वर्मा ने प्रतियोगिता में विशेष सहयोग किया। रेफरी की भूमिका आशुतोष गुप्ता, नवनीत गौतम और अथर्व ने निभाई।

अन्य समाचार