अगामी कुछ दिनों में कई पर्व आने वाले हैं, जिसको लेकर पुलिस की सक्रियता बढ़ जाती है। पुलिस की तैयारी व सुरक्षा व्यवस्था को लेकर डीसीपी शाहदरा आर.पी. मीणा से योगेश कुमार सोनी की खास बातचीत…
प्रश्न-ईद मिलादुन्नबी, रक्षाबंधन, जन्माष्टमी और गणेश पूजा जैसे त्योहारों को देखते हुए शाहदरा जिले में पुलिस की क्या तैयारियां हैं?
उत्तर : सभी प्रमुख त्योहारों को लेकर शाहदरा जिले में व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई है। संवेदनशील स्थानों, बाजारों, धार्मिक स्थलों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा। पुलिस अधिकारी लगातार क्षेत्र में गश्त करेंगे और स्थिति पर नजर रखेंगे।
प्रश्न-त्योहारों के दौरान भीड़ और यातायात व्यवस्था को लेकर क्या इंतजाम किए गए हैं?
उत्तर: भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पुलिस की विशेष तैनाती रहेगी। यातायात पुलिस के साथ समन्वय कर ट्रैफिक को सुचारु रखने की व्यवस्था की गई है। जरूरत के अनुसार रूट डायवर्जन और बैरिकेडिंग भी की जाएगी।
प्रश्न-धार्मिक जुलूस और शोभायात्राओं के दौरान पुलिस की क्या रणनीति रहेगी?
उत्तर : सभी आयोजकों के साथ बैठक कर उन्हें निर्धारित मार्ग, समय और नियमों की जानकारी दी जा रही है। जुलूसों के दौरान पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा और सीसीटीवी तथा अन्य माध्यमों से निगरानी की जाएगी।
प्रश्न-सोशल मीडिया पर अफवाहों और भ्रामक खबरों को लेकर पुलिस क्या कदम उठा रही है?
उत्तर: सोशल मीडिया पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। किसी भी तरह की अफवाह या भड़काऊ सामग्री फैलाने वालों के खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। लोगों से अपील है कि किसी भी संदेश को बिना सत्यापन के आगे न बढ़ाएं।
प्रश्न-महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा के लिए क्या विशेष व्यवस्था है?
उत्तर: बाजारों, धार्मिक स्थलों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर पुलिसकर्मियों की विशेष तैनाती रहेगी। महिला पुलिसकर्मियों की भी ड्यूटी लगाई जाएगी। बच्चों और महिलाओं की सुरक्षा हमारी प्राथमिकता है।
प्रश्न-त्योहारों के दौरान असामाजिक तत्वों पर किस तरह नजर रखी जाएगी?
उत्तर: संदिग्ध व्यक्तियों और पहले से चिन्हित असामाजिक तत्वों पर निगरानी रखी जा रही है। पुलिस की पेट्रोलिंग बढ़ाई गई है और स्थानीय स्तर पर खुफिया जानकारी भी जुटाई जा रही है। कानून व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।
प्रश्न-शाहदरा जिले के लोगों से आपकी क्या अपील है?
उत्तर:सभी लोग त्योहारों को आपसी भाईचारे, शांति और सौहार्द के साथ मनाएं। पुलिस प्रशासन का सहयोग करें, यातायात नियमों का पालन करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें। हमारा उद्देश्य है कि हर नागरिक सुरक्षित माहौल में त्योहार मना सके।
प्रश्न-अंत में त्योहारों को लेकर आप क्या संदेश देना चाहेंगे?
उत्तर:ईद मिलादुन्नबी, रक्षाबंधन, जन्माष्टमी और गणेश पूजा सभी के लिए खुशी और भाईचारे के पर्व हैं। शाहदरा पुलिस की ओर से सभी नागरिकों को शुभकामनाएं। हम चाहते हैं कि त्योहार शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हों। पुलिस पूरी तरह सतर्क और मुस्तैद है।
