मुख्यपृष्ठनए समाचारअभ्युदय नगर के पुनर्विकास में शिवसेना रहिवासियों के साथ... आदित्य ठाकरे का...

अभ्युदय नगर के पुनर्विकास में शिवसेना रहिवासियों के साथ… आदित्य ठाकरे का आश्वासन

सामना संवाददाता / मुंबई

कालाचौकी स्थित अभ्युदय नगर के समूह पुनर्विकास और म्हाडा की नीतियों को लेकर रहिवासियों में चिंता और असमंजस का माहौल है। अभ्युदय नगर सहकारी गृहनिर्माण संस्था के प्रमुख पदाधिकारियों और स्थानीय रहिवासियों ने आज ‘मातोश्री’ निवास पर शिवसेना नेता, युवासेनाप्रमुख व विधायक आदित्य ठाकरे से मुलाकात कर अपनी समस्याएं रखीं। आदित्य ठाकरे ने आश्वासन दिया कि शिवसेना किसी भी प्रकार की राजनीति किए बिना अभ्युदय नगर के रहिवासियों के साथ मजबूती से खड़ी रहेगी।
कालाचौकी स्थित अभ्युदय नगर में करीब १५ हजार रहिवासी रहते हैं। अभ्युदय नगर गृहनिर्माण संस्था के ३,४१० सदस्य हैं। अपने हक के घर और सुरक्षित भविष्य के लिए रहिवासी पिछले कई वर्षों से संघर्ष कर रहे हैं। पुनर्विकास प्रक्रिया में पारदर्शिता, आर्थिक सुरक्षा की गारंटी और रहिवासियों के कानूनी अधिकारों की रक्षा की मांग उन्होंने आदित्य ठाकरे के सामने रखी।
जल्द बुलाई जाएगी विशेष बैठक
अभ्युदय नगर के रहिवासियों के साथ म्हाडा द्वारा किए जा रहे कथित अन्याय के खिलाफ शिवसेना आवाज उठाएगी, ऐसा आश्वासन आदित्य ठाकरे ने दिया। उन्होंने कहा कि इस मुद्दे का समाधान निकालने के लिए जल्द ही अभ्युदय नगर के रहिवासियों से मुलाकात कर एक विशेष बैठक आयोजित की जाएगी। जिसके बाद अब अभ्युदय नगर के रहिवासियों में नई उम्मीद जगी है। इस अवसर पर रहिवासियों के साथ शिवसेना नेता एवं सांसद अरविंद सावंत, शिवसेना सचिव तथा लालबागचा राजा सार्वजनिक उत्सव मंडल के मानद सचिव सुधीर सालवी, पूर्व नगरसेवक दिलीप शिंदे, आशीष चेंबूरकर सहित अन्य पदाधिकारी एवं शिवसैनिक उपस्थित थे।

अन्य समाचार