राजेश सरकार / प्रयागराज
कमिश्नरेट के यमुनानगर के नैनी इलाके में स्थित ‘काजुजा रेस्टोरेंट’ में चल रहे अवैध हुक्के के कारोबार का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। मुखबिर की सूचना पर नैनी पुलिस टीम ने रेस्टोरेंट पर अचानक छापा मारा। इस दौरान कई लोग तंबाकूयुक्त हुक्का पीते हुए रंगे हाथों पकड़े गए। पुलिस ने मौके से आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया, जबकि 15 और 17 वर्ष के दो नाबालिगों को भी हिरासत में लिया गया।
कम उम्र के बच्चों को परोसा जा रहा था नशा
पुलिस के अनुसार, काजुजा रेस्टोरेंट की आड़ में युवाओं और नाबालिगों को हुक्का परोसा जा रहा था। पुलिस की इस कार्रवाई से इलाके में हुक्का संचालकों में हड़कंप मच गया। पुलिस ने मौके से बड़ी मात्रा में हुक्का पीने की सामग्री के साथ नशे का तौल करने वाला इलेक्ट्रिक तराजू भी बरामद किया।
मौके से बरामद सामान
– 14 हुक्के
– 3 हुक्का पाइप और 14 प्लास्टिक पाइप
– 17 चिलम
– 1 इलेक्ट्रिक हीटर और 1 हुक्का ब्लोअर
– फ्लेवरयुक्त तंबाकू के 29 बंद पैकेट और 5 खुले डिब्बे
– 1 इलेक्ट्रिक तराजू
– 1 चिमटा
– 1 चारकोल का डिब्बा
सलाखों के पीछे पहुंचे आरोपी
पकड़े गए आरोपियों में चंद्र प्रकाश (नवाबगंज), प्रतीक देव वर्मन (करछना), अनुराग राय (औद्योगिक क्षेत्र), आशीष कुमार (मुंगारी औद्योगिक क्षेत्र), करीम खान (करैली), मिजान खान (करैली), शुभम कुमार (नैनी) और आरिफ (करैली) शामिल हैं।
कानूनी शिकंजा
पुलिस ने मामले में सभी आरोपियों के खिलाफ नैनी थाने में मुकदमा संख्या 430/2026, धारा 4/21 (सिगरेट एवं अन्य तंबाकू उत्पाद अधिनियम) के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक बृजकिशोर गौतम, दरोगा विक्की कुमार गुप्ता और रिषभ पटेल तथा सिपाही विकास उपाध्याय, जैकम सिंह, विश्वराज सिंह और रामकिशुन शामिल रहे।
