लंदन। इंग्लैंड के तेज गेंदबाज ब्राइडन कार्स इन दिनों क्रिकेट से ज्यादा एक नाइटक्लब विवाद को लेकर चर्चा में हैं। डर्बी सिटी सेंटर में कथित मारपीट की पुलिस जांच शुरू होने के बाद मामला और गरमा गया है। हालांकि, अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है और यह भी साफ नहीं है कि कार्स का इस घटना से कोई लेना-देना है या नहीं। मामला तब सुर्खियों में आया, जब सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में कार्स पुलिस की हथकड़ी में नजर आए। उन्हें कथित तौर पर नशे में हंगामा करने के शक में हिरासत में लिया गया था, लेकिन बाद में बिना किसी आरोप के छोड़ दिया गया। दिलचस्प बात यह है कि वीडियो में बेन स्टोक्स और मैथ्यू पॉट्स भी आसपास दिखाई दिए। उधर, कार्स को पाकिस्तान के खिलाफ दूसरे टेस्ट से बाहर कर दिया गया है। फिलहाल पुलिस जांच जारी है और कार्स पर कोई आरोप तय नहीं हुआ है।
