-कांग्रेस का भाजपा-महायुति सरकार पर गंभीर आरोप!
-योजना के लिए बजट नहीं, दूसरे विभागों की मची लूट
सामना संवाददाता / मुंबई
‘मुख्यमंत्री माझी लाडकी बहिन योजना’ के तहत राजनीति चमकाने में जुटी भाजपा-महायुति सरकार पर मुंबई कांग्रेस के प्रवक्ता सुरेशचंद्र राजहंस ने तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि रक्षाबंधन के नाम पर बहनों के खातों में पैसे भेजने के लिए सरकार पिछड़े वर्ग के भाई-बहनों का हक मार रही है। सामाजिक न्याय विभाग से ३४४ करोड़ रुपए की राशि निकालकर महिला एवं बाल विकास विभाग को सौंपना एक के मुंह से निवाला छीनकर दूसरे को देने जैसा घोर अन्याय है। कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि महायुति सरकार के पास इस योजना को चलाने के लिए पर्याप्त वित्तीय प्रावधान नहीं है। अपनी नाकामी छुपाने के लिए सरकार बार-बार नियमों को ताक पर रखकर सामाजिक न्याय विभाग की निधि का इस्तेमाल कर रही है। नियमानुसार इस विभाग का बजट केवल पिछड़े वर्ग के कल्याण पर ही खर्च होना चाहिए, लेकिन सरकार लगातार असंवैधानिक फैसले ले रही है।
कुर्सी की शोभा न बढ़ाएं लाचार मंत्री
सुरेशचंद्र राजहंस ने विभागीय मंत्रियों पर तंज कसते हुए कहा कि महायुति सरकार में पिछड़े वर्ग का कोई देखरेख करनेवाला नहीं बचा है। इस विभाग के मंत्री गैर जिम्मेदारी का रवैया अपनाए हुए हैं। यदि सरकार में उनकी बात नहीं सुनी जा रही है और वे अपने विभाग का हक नहीं बचा पा रहे हैं तो उन्हें कुर्सी पर बैठकर उसकी शोभा बढ़ाने के बजाय तुरंत इस्तीफा दे देना चाहिए। सरकार के पास पिछड़े वर्ग के विद्यार्थियों की छात्रवृत्ति देने के लिए पैसे नहीं हैं। बुनियादी सुविधाएं न मिलने के कारण आदिवासी छात्र अनशन करने पर मजबूर हैं। लगातार विरोध दर्ज कराने के बावजूद सरकार के पिछड़ा-विरोधी रवैये में कोई सुधार नहीं आया है। कांग्रेस ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि पिछड़े वर्ग की योजनाओं का फंड हड़पने और उनके अधिकारों का हनन करने की इस नीति को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
