मुख्यपृष्ठग्लैमरलाइक्स और लोकप्रियता की दौड़ का मनोवैज्ञानिक सच, ‘ओए चिल मार’ ‎‎टीजर-ट्रेलर...

लाइक्स और लोकप्रियता की दौड़ का मनोवैज्ञानिक सच, ‘ओए चिल मार’ ‎‎टीजर-ट्रेलर लॉन्च

-‎25 सितंबर को सिनेमाघरों देगी दस्तक

‎सामना संवाददाता / मुंबई

‎सोशल मीडिया की चमक-दमक, लाइक्स और लोकप्रियता की बढ़ती होड़ के बीच युवाओं की बदलती मानसिकता और उसके मनोवैज्ञानिक प्रभावों को केंद्र में रखकर बनी हिंदी फिल्म ‘ओए चिल मार’ जल्द ही दर्शकों के सामने आने वाली है। मुंबई के अंधेरी पश्चिम स्थित रेड बल्ब स्टूडियो में तुलसीराम प्रोडक्शन हाउस के बैनर तले निर्मित इस फिल्म के टीजर और ट्रेलर का भव्य लॉन्च किया गया।
‎निर्माता तुलसीराम देवरुखकर की फिल्म के लॉन्च समारोह में फिल्म की पूरी कास्ट और क्रू के साथ बॉलीवुड एवं मनोरंजन जगत से जुड़े कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। सामाजिक मनोवैज्ञानिक थ्रिलर के रूप में बनाई गई ‘ओए चिल मार’ का निर्देशन और संपादन नितिन एम. रोकड़े ने किया है।
‎फिल्म में नवोदित अभिनेता तेजस देव मुख्य भूमिका में नजर आएंगे, जबकि शिखा पांडेय ने नायिका की भूमिका निभाई है। फिल्म की अन्य प्रमुख कास्ट में श्रेया पारेख, अतुल तिवारी, मोना शर्मा, प्राची बंसल, सुजीत अस्थाना, प्रशांत मोहिते और ‘ना तेलुगोडु’ फेम सूफिया तनवीर सहित कई कलाकार शामिल हैं।
‎निर्देशक नितिन एम. रोकड़े ने कहा कि सोशल मीडिया आज युवाओं के जीवन का अहम हिस्सा बन चुका है। लाइक्स, लोकप्रियता और ऑनलाइन चर्चित होने की चाहत कई बार व्यक्ति को नैतिक सीमाएं लांघने के लिए प्रेरित करती है। फिल्म इसी बदलते सामाजिक माहौल और उसके मनोवैज्ञानिक प्रभावों को रोमांचक तथा मनोरंजक अंदाज में पेश करती है।
‎फिल्म की कहानी अरविंद यादव और नितिन रोकड़े ने लिखी है। संगीत असलम केई ने तैयार किया है, जबकि गीत ईश्वरी फ्रांसिस के हैं। निर्माता तुलसीराम देवरुखकर के अनुसार, फिल्म मनोरंजन के साथ एक महत्वपूर्ण सामाजिक संदेश भी देने का प्रयास करती है। ‎टीजर और ट्रेलर में फिल्म के रोमांच और मनोवैज्ञानिक पहलुओं की झलक देखने को मिली। ‘ओए चिल मार’ 25 सितंबर 2026 को देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

अन्य समाचार