मुख्यपृष्ठनए समाचार‘कॉकरोच जनता पार्टी’ का फिर आंदोलन का ऐलान!

‘कॉकरोच जनता पार्टी’ का फिर आंदोलन का ऐलान!

-नीट मामले में ५ सितंबर को दिल्ली में बड़ा मोर्चा; इंडिया गेट से पुलिस मुख्यालय तक मार्च

सामना संवाददाता / नई दिल्ली

नीट पेपर लीक और परीक्षा में कथित अनियमितताओं के खिलाफ आंदोलन कर चुकी ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (सीजेपी) ने एक बार फिर सरकार के खिलाफ मोर्चा खोलने का एलान किया है। पार्टी का आरोप है कि आंदोलन खत्म कराने के लिए सरकार की ओर से आश्वासन दिए गए थे, लेकिन चार में से तीन अहम मांगों पर अब तक कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया है। सीजेपी ने साफ चेतावनी दी है कि सिर्फ आश्वासन देकर सरकार अपनी जिम्मेदारी से नहीं बच सकती। सीजेपी के मुताबिक, उसकी तीन प्रमुख मांगें अब भी लंबित हैं। इनमें नीट पेपर लीक और कथित परीक्षा अनियमितताओं से प्रभावित विद्यार्थियों के परिवारों को मुआवजा देना, विद्यार्थियों के खिलाफ दर्ज एफआईआर वापस लेना तथा दिल्ली पुलिस और आरएएफ की कार्रवाई के लिए सार्वजनिक माफी मांगना शामिल है।
आश्वासन मिला, अमल कब होगा?
सीजेपी का कहना है कि सरकार ने विद्यार्थियों के खिलाफ दर्ज मामलों को वापस लेने का भरोसा दिया था, लेकिन अब तक उस पर अमल नहीं हुआ है। पार्टी ने सरकार को चेतावनी देते हुए कहा है कि उसके धैर्य को कमजोरी समझना बड़ी भूल होगी। पार्टी का आरोप है कि आंदोलन खत्म कराने के समय दिए गए आश्वासन अब फाइलों में दबे पड़े हैं। ऐसे में शिक्षक दिवस पर होने वाला मोर्चा सरकार से वादों का हिसाब मांगने की नई लड़ाई के रूप में देखा जा रहा है।

अन्य समाचार