राजेश सरकार / प्रयागराज
गंगा-यमुना के बढ़ते जलस्तर से प्रभावित इलाकों में जनजीवन मुश्किलों से जूझ रहा है। ऐसे समय में बाढ़ पीड़ितों की पीड़ा को देखते हुए श्री बाघंबरी पीठाधीश्वर महंत श्री बलवीर गिरि जी महाराज की ओर से प्रभावित क्षेत्रों में भोजन प्रसाद का वितरण कराया जा रहा है। बाढ़ की वजह से कई परिवारों के सामने भोजन की व्यवस्था तक चुनौती बन गई है। ऐसे में जरूरतमंद लोगों तक भोजन प्रसाद पहुंचने से उन्हें बड़ी राहत मिल रही है। पीड़ित परिवारों के बीच पहुंच रहे सेवादार न सिर्फ भोजन उपलब्ध करा रहे हैं, बल्कि संकट की इस घड़ी में उनके साथ खड़े होने का मानवीय संदेश भी दे रहे हैं। महंत श्री बलवीर गिरि जी महाराज की इस पहल को बाढ़ प्रभावित लोगों के प्रति संवेदना और सेवा-भाव से जोड़कर देखा जा रहा है। आपदा के बीच जरूरतमंदों की मदद के लिए आगे आना ही सच्ची मानव सेवा है।
