मुख्यपृष्ठनए समाचारपालघर के अस्पताल में बिल पर बवाल...शिंदे गुट के जिलाध्यक्ष समेत ११...

पालघर के अस्पताल में बिल पर बवाल…शिंदे गुट के जिलाध्यक्ष समेत ११ पर एफआईआर!.. अस्पताल में हंगामा और कर्मचारी से मारपीट का आरोप

सुनील ओसवाल / मुंबई

दही हंडी में घायल हुए गोविंदा के इलाज के बिल को लेकर हुआ विवाद इतना बढ़ गया कि मामला मारपीट और पुलिस केस तक पहुंच गया। पालघर के रिलीफ अस्पताल में एक कर्मचारी के साथ कथित तौर पर मारपीट किए जाने के आरोप में पुलिस ने शिंदे गुट के पालघर जिलाध्यक्ष कुंदन संखे समेत ११ लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
महाराष्ट्र में दही हंडी उत्सव के दौरान बड़ी संख्या में गोविंदा पथक मटकी फोड़ने के लिए मानव पिरामिड बनाते हैं। इस दौरान कई गोविंदाओं के घायल होने की घटनाएं भी सामने आती हैं। पालघर में भी एक गोविंदा के घायल होने के बाद उसे रिलीफ अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
इलाज पूरा होने के बाद अस्पताल के बिल को लेकर अस्पताल प्रशासन और मरीज के साथ आए लोगों के बीच बातचीत चल रही थी। आरोप है कि इसी दौरान बिल की रकम को लेकर विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते बहस बढ़ गई और कुछ लोगों ने अस्पताल के एक कर्मचारी के साथ कथित तौर पर मारपीट कर दी। घटना की जानकारी मिलने के बाद पालघर पुलिस ने मामले को संज्ञान में लिया। देर रात तक पुलिस थाने में शिकायत दर्ज करने और कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया चलती रही।
सीसीटीवी में कैद हुई पूरी घटना
इस पूरे घटनाक्रम में अस्पताल का सीसीटीवी फुटेज अहम माना जा रहा है। बताया गया है कि मारपीट की घटना वैâमरे में रिकॉर्ड हुई है। पुलिस अब फुटेज खंगालकर यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि विवाद की शुरुआत वैâसे हुई और मारपीट में किसकी क्या भूमिका थी। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सीसीटीवी फुटेज और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर पुलिस आगे की कार्रवाई करेगी।
डोंबिवली के बाद दूसरा मामला
डोंबिवली के मनपा अस्पताल में डॉक्टर के साथ कथित मारपीट का मामला अभी चर्चा में ही था कि पालघर से अस्पताल कर्मचारी के साथ मारपीट का यह मामला सामने आया है। लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं के बाद अस्पतालों में डॉक्टरों और कर्मचारियों की सुरक्षा को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।

अन्य समाचार