अनिल मिश्र / पटना
बिहार सरकार के स्वास्थ्य विभाग की ओर से बुधवार को ‘जांच एवं उपचार—चिकित्सा आपके द्वार’ अभियान का शुभारंभ किया गया। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने ऑनलाइन माध्यम से राज्यव्यापी अभियान की शुरुआत की। इस अवसर पर अनुमंडलीय अस्पताल, टिकारी में आयोजित कार्यक्रम में स्थानीय विधायक अजय कुमार, चिकित्सा प्रभारी डॉ. अनीता कुमारी, सामाजिक कार्यकर्ता हिमांशु शेखर, डॉ. अंशु कुमार, नगर परिषद अध्यक्ष अजहर इमाम, राजद के निवर्तमान जिलाध्यक्ष सुभाष यादव, स्वास्थ्य प्रबंधक ज्योति कुमारी, अस्पताल प्रबंधक राजेश कुमार, राकेश शर्मा सहित दर्जनों लोग मौजूद रहे।इस अभियान के तहत स्वास्थ्य विभाग की टीमें टिकारी क्षेत्र में घर-घर पहुंचकर लोगों की स्वास्थ्य जांच करेंगी। जांच के दौरान विभिन्न बीमारियों की पहचान कर मरीजों को आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श एवं उपचार उपलब्ध कराया जाएगा। गंभीर बीमारी के लक्षण पाए जाने पर मरीजों को बेहतर इलाज के लिए उच्च स्वास्थ्य संस्थानों में रेफर किया जाएगा।स्वास्थ्य विभाग के अनुसार यह अभियान 2 सितंबर से 30 नवंबर 2026 तक चलेगा। इसका उद्देश्य लोगों को घर के समीप स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ बीमारियों की समय रहते पहचान और समुचित उपचार सुनिश्चित करना है।
कार्यक्रम के बाद स्थानीय विधायक अजय कुमार ने अनुमंडलीय अस्पताल का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान फार्मासिस्ट जनार्दन कुमार मधुकर कार्यालय में अनुपस्थित पाए गए। विधायक ने अस्पताल की व्यवस्था का जायजा लेते हुए मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने को लेकर आवश्यक मार्गदर्शन दिया।
