अनिल मिश्र / रांची
झारखंड प्रदेश के पलामू जिले के पांकी प्रखंड अंतर्गत होटाई पंचायत के भवरदह गांव में लगातार हो रही बारिश ने एक गरीब परिवार की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। गांव निवासी प्रबोध भुइयां (लगभग 45 वर्ष) का कच्चा मकान बारिश के कारण अचानक भरभराकर गिर गया। गनीमत रही कि मकान गिरने के समय परिवार के सभी सदस्य सुरक्षित बाहर निकल गए, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। प्रबोध भुइयां ने बताया कि छोटे से कच्चे मकान में उनके परिवार के करीब 12 सदस्य किसी तरह गुजर-बसर करते हैं। लगातार बारिश के कारण मकान की दीवारें और छत कमजोर हो गई थीं। इसी बीच अचानक मकान का एक हिस्सा गिर गया और देखते ही देखते पूरा आशियाना रहने लायक नहीं रह गया। मकान गिरने के बाद परिवार के सामने सिर छिपाने की बड़ी समस्या उत्पन्न हो गई है। पीड़ित परिवार का कहना है कि आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण वे अपने स्तर से पक्का मकान बनाने में सक्षम नहीं हैं। उन्होंने कई बार सरकारी आवास योजना का लाभ मिलने की उम्मीद जताई, लेकिन अब तक उन्हें सरकारी आवास उपलब्ध नहीं कराया गया है। बारिश के मौसम में मकान गिरने के बाद परिवार की परेशानी और बढ़ गई है। प्रबोध भुइयां ने बताया कि परिवार के लिए भवरदह गांव में एक अदद पक्का मकान आज भी सपना बना हुआ है। वहीं, गांव तक पहुंचने के लिए भी बेहतर सड़क की सुविधा नहीं है। खराब रास्ते के कारण ग्रामीणों को आवागमन में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। आपात स्थिति में भी वाहन गांव तक पहुंचने में कठिनाई होती है। ग्रामीणों ने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से पीड़ित परिवार की स्थिति का जायजा लेने, तत्काल राहत सामग्री उपलब्ध कराने तथा सरकारी आवास योजना का लाभ दिलाने की मांग की है। साथ ही भवरदह गांव तक बेहतर सड़क निर्माण कराने की भी मांग उठाई गई है, ताकि ग्रामीणों को मूलभूत सुविधाओं के लिए संघर्ष न करना पड़े।
