– रेल वन पर बैंक से पैसा कटा, वॉलेट में नहीं पहुंचा
-अपने ही पैसे के लिए यात्रियों को करना पड़ रहा इंतजार
संदीप पांडेय / मुंबई
रेलवे यात्रियों को आधुनिक सुविधाएं देने के नाम पर लगातार डिजिटल सेवाओं और नए-नए ऐप का प्रचार करती है। रेलवे ने ‘रेल वन’ एप को ‘वन-स्टॉप’ डिजिटल प्लेटफॉर्म के रूप में पेश किया है, जिसमें यह दावा है कि एक ही ऐप के जरिए टिकट बुकिंग से लेकर कई रेलवे सेवाओं का लाभ यात्रियों को आसानी से मिल सकेगा, लेकिन जमीनी हकीकत में तकनीकी गड़बड़ियां यात्रियों की परेशानी बढ़ा रही हैं। टिकट बुक करने के लिए रेल वन के वॉलेट में रकम डालने वाले यात्रियों को कई बार ऐसी स्थिति का सामना करना पड़ रहा है, जब बैंक खाते से पैसा कट जाता है, लेकिन वॉलेट में रकम दिखाई नहीं देती। इसके बाद अपने ही पैसे वापस पाने के लिए यात्री को इंतजार और शिकायत प्रक्रिया का सहारा लेना पड़ता है। यात्रियों की शिकायत है कि रेल वन के वॉलेट में पैसे जोड़ते समय लेनदेन पूरा नहीं होने पर उनके बैंक खाते से रकम तो कट जाती है, लेकिन वॉलेट में वह रकम क्रेडिट नहीं होती। यानी यात्री के खाते से पैसा निकल गया, लेकिन रेलवे की डिजिटल सेवा में वह रकम दिखाई नहीं देती।
