मुख्यपृष्ठनए समाचारकुंभ के नाम पर जमीन हड़पने की तैयारी!

कुंभ के नाम पर जमीन हड़पने की तैयारी!

 -१,३०० एकड़ जमीन पर सरकार की नजर; जमीन मालिकों का एलान-एक इंच जमीन भी नहीं देंगे

सामना संवाददाता / मुंबई

आगामी सिंहस्थ कुंभ मेले के लिए साधुग्राम के नाम पर लगभग १,३०० एकड़ अतिरिक्त जमीन अस्थायी रूप से पट्टे पर लेने की योजना को लेकर जमीन मालिकों का विरोध तेज हो गया है। नाशिक और टाकली शिवार के जमीन मालिकों ने प्रशासन के सामने साफ कर दिया है कि चाहे कुछ भी हो जाए, साधुग्राम के लिए एक इंच भी नई जमीन नहीं दी जाएगी। इसके लिए वे सड़क पर उतरकर विरोध प्रदर्शन करेंगे।
शनिवार को जमीन मालिकों की कार्रवाई समिति की ओर से जेजुरकर लॉन्स में स्वतंत्र बैठक आयोजित की गई। बैठक में शुक्रवार को नांदूर में महापौर और मनपा प्रशासन के कथित मनमाने निर्णय पर भी सवाल उठाए गए। आरोप है कि प्रशासन ने कुछ चुनिंदा लोगों के साथ चर्चा कर सभी जमीन मालिकों से बातचीत होने का दावा किया, जबकि नासिक और टाकली शिवार के अनेक जमीन मालिकों को इस प्रक्रिया से बाहर रखा गया।

जमीन मालिकों ने यह भी स्पष्ट किया कि उनके बीच कोई विवाद नहीं है और तीनों गांवों के किसान एकजुट हैं। प्रशासन के साथ किसी समझौते की खबरों को खारिज करते हुए किसानों ने कहा कि जरूरत पड़ी तो वे कानूनी रास्ते से अपनी जमीन और बकाया मुआवजे की लड़ाई लड़ेंगे।

अन्य समाचार