मुख्यपृष्ठखेलएशिया में डंका, हार गई लंका!

एशिया में डंका, हार गई लंका!

-भारतीय बेटियों ने श्रीलंका को १४७ रन से रौंदा
-लगातार दूसरी बार एशियन गेम्स का स्वर्ण जीता
निशिन। एशिया के मैदान पर एक बार फिर भारतीय महिला क्रिकेट का डंका बजा और खिताबी मुकाबले में श्रीलंका की चुनौती बुरी तरह ढह गई। भारतीय महिला टीम ने एशियन गेम्स-२०२६ के फाइनल में श्रीलंका को १४७ रन से हराकर लगातार दूसरी बार स्वर्ण पदक अपने नाम कर लिया। इससे पहले भारत ने २०२३ के हांगझोउ एशियन गेम्स में भी स्वर्ण पदक जीता था। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम ने २० ओवर में केवल तीन विकेट गंवाकर २१६ रन का पहाड़ खड़ा कर दिया। स्मृति मंधाना और शेफाली वर्मा की सलामी जोड़ी ने पहले विकेट के लिए ९९ रन जोड़कर जीत की मजबूत नींव रखी। मंधाना ने ४५ गेंदों पर शानदार ७९ रन बनाए, जबकि शेफाली ने ४८ रनों की तेज पारी खेली। अंतिम ओवरों में ऋचा घोष ने महज २२ गेंदों पर नाबाद ४९ रन ठोककर श्रीलंकाई गेंदबाजों की कमर तोड़ दी। २१७ रन के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंकाई टीम भारतीय गेंदबाजों के सामने पूरी तरह बेबस दिखाई दी। उसके विकेट लगातार गिरते रहे और पूरी टीम १५.४ ओवर में केवल ६९ रन पर सिमट गई। दीप्ति शर्मा ने छह रन देकर तीन विकेट झटके। हरमनप्रीत कौर की कप्तानी में मिली इस ऐतिहासिक जीत ने एशियाई महिला क्रिकेट में भारत की बादशाहत पर दोबारा मुहर लगा दी। श्रीलंका को रजत, जबकि पाकिस्तान को कांस्य पदक मिला।

 

अन्य समाचार