मुख्यपृष्ठसमाज-संस्कृतिअग्रसेन जयंती पर डांडिया की खनक से सजी रंगीन शाम

अग्रसेन जयंती पर डांडिया की खनक से सजी रंगीन शाम

-संगीत, नृत्य और उमंग के बीच सामाजिक एकता व सांस्कृतिक परंपराओं का संदेश

राजेश सरकार / प्रयागराज

अग्रसेन जयंती के अवसर पर श्री अग्रसेन अग्रवाल समाज के तत्वावधान में अग्रवाल युवा महिला मंडल ने अग्रवाल युवा मंडल एवं अग्रवाल महिला मंडल के सहयोग से रॉयल गार्डन में भव्य ‘डैजलिंग डांडिया नाइट’ का आयोजन किया। रंग-बिरंगे परिधानों में सजे महिलाओं, युवाओं और बच्चों ने डांडिया की धुनों पर नृत्य कर शाम को सांस्कृतिक उल्लास से भर दिया।
कार्यक्रम का आयोजन अग्रवाल युवा महिला मंडल की अध्यक्ष सारिका अग्रवाल के नेतृत्व में किया गया। महामंत्री डॉ. कीर्ति अग्रवाल ने आयोजन की व्यवस्थाओं में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने के साथ कार्यक्रम का संचालन किया। कोषाध्यक्ष दीप्ति गुप्ता ने भी व्यवस्थाओं में सहयोग दिया। रॉयल गार्डन उपलब्ध कराने में अर्जुन अग्रवाल का विशेष सहयोग रहा, जबकि प्रकाश व्यवस्था संजय लाइट हाउस ने संभाली।
आयोजन को श्री अग्रसेन अग्रवाल समाज के जयंती संयोजक सीए विनय गोयल एवं अध्यक्ष पीयूष रंजन अग्रवाल का मार्गदर्शन मिला। अग्रवाल युवा मंडल के अध्यक्ष अभिनव अग्रवाल एवं उनकी टीम ने भी आयोजन में सहयोग किया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री नंद गोपाल गुप्ता ‘नंदी’ तथा विशिष्ट अतिथि हर्षवर्धन वाजपेयी मौजूद रहे। डांडिया की धुनों पर महिलाओं, युवाओं और बच्चों की उत्साहपूर्ण सहभागिता ने पूरे परिसर में उल्लास का माहौल बना दिया।
इस दौरान विभिन्न मनोरंजक प्रतियोगिताएं भी हुईं। सर्वश्रेष्ठ सुसज्जित डांडिया का पुरस्कार जया मित्तल, सर्वाधिक ऊर्जावान प्रस्तुति का पुरस्कार संकल्प गुप्ता, सर्वश्रेष्ठ जोड़ी का पुरस्कार अजीत एवं निधि बंसल तथा सर्वाधिक आकर्षक परिधान का पुरस्कार नव्या अग्रवाल को प्रदान किया गया। पुरस्कारों का प्रायोजन संरक्षिका रीनू मित्तल एवं महामंत्री अभिषेक मित्तल ने किया।
कार्यक्रम में पारुल अग्रवाल, डॉ. विनीता, येशा, आकांक्षा, श्रुति, अर्चना, प्रियंका, स्वाति, रीमा, समिधा, विदिशा, अनामिका, मोना अग्रवाल, नंदिता अग्रवाल सहित अंकुर अग्रवाल, अजीत बंसल, प्रमय मित्तल, हरीश चंद्र अग्रवाल, आदेश गोयल, आशीष गोयल, अंकित अग्रवाल एवं वैभव गोयल समेत समाज के अनेक सदस्य उपस्थित रहे।
मीडिया प्रभारी मनीष गर्ग ने कहा कि अग्रसेन जयंती समाज को एकजुट करने के साथ नई पीढ़ी को संस्कृति और परंपराओं से जोड़ने का अवसर है। उन्होंने कहा कि डांडिया नाइट में महिलाओं, युवाओं और बच्चों की सहभागिता सामाजिक एकजुटता और सामूहिक सहयोग का परिचायक रही।
डांडिया की खनक, संगीत और पारिवारिक सहभागिता से सजी यह शाम अग्रसेन जयंती समारोह के तहत सामाजिक मेल-मिलाप और सांस्कृतिक उल्लास का अवसर बनी।

अन्य समाचार