मुख्यपृष्ठनए समाचारआदित्य ठाकरे आज पुणे में...एमपीएससी आंदोलन में होंगे शामिल

आदित्य ठाकरे आज पुणे में…एमपीएससी आंदोलन में होंगे शामिल

-आयोग अध्यक्ष के इस्तीफे की मांग पर डटे विद्यार्थी
-आंदोलन को मिल रहा है राजनीतिक समर्थन

सामना संवाददाता/ पुणे

महाराष्ट्र लोकसेवा आयोग (एमपीएससी) की परीक्षाओं को लेकर पुणे में चल रहा विद्यार्थियों का आंदोलन अब और तेज होता दिखाई दे रहा है। शिवसेना नेता और युवासेना प्रमुख आदित्य ठाकरे ६ अक्टूबर को पुणे पहुंचकर आंदोलनकारी विद्यार्थियों को ताकत देंगे, उनके साथ आन्दोलन मे शामिल होंगे। उन्होंने स्वयं इसकी घोषणा की है।
पुणे में एस. एम. जोशी पुल के पास विद्यार्थियों का धरना लगातार जारी है। आंदोलनकारी महाराष्ट्र लोकसेवा आयोग के अध्यक्ष विवेक भीमनवार के इस्तीफे की मांग पर अड़े हुए हैं। विद्यार्थियों का आरोप है कि परीक्षा और भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता तथा प्रशासनिक सुधारों को लेकर उनकी गंभीर चिंताओं का समाधान नहीं हुआ है।
आदित्य ठाकरे ने सोमवार को सोशल मीडिया पर जानकारी देते हुए कहा कि वह मंगलवार को पुणे पहुंचेंगे और एमपीएससी आंदोलन में शामिल विद्यार्थियों के साथ बैठेंगे। उन्होंने आयोग के अध्यक्ष से भी इस्तीफा देने की मांग की है। बतादें यहां आंदोलन को लेकर राजनीतिक समर्थन लगातार बढ़ रहा है। इससे पहले शिवसेना नेता संजय राउत , कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल, कांग्रेस नेता विजय वडेट्टीवार, एनसीपी नेता रोहित पवार और अन्य नेताओं ने विद्यार्थियों से मुलाकात की है। राष्ट्रवादी कांग्रेस के वरिष्ठ नेता शरद पवार ने भी मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से बातचीत कर विद्यार्थियों की मांगों पर संवाद के जरिए समाधान निकालने का आग्रह किया है।

अन्य समाचार