-चाकू घोंपकर किया कत्ल
-चोरी के इरादे से वारदात का शक
सामना संवाददाता / मुंबई
पालघर में बुजुर्ग महिला की घर के अंदर घुसकर चाकू घोंपकर हत्या करने से सनसनी फैल गई है। पालघर शहर के वजली पाड़ा स्थित तुलसी दर्शन इमारत की दूसरी मंजिल पर 61 वर्षीय शोभा अनिल पंडित का शव उनके घर में बिस्तर पर मिला। घर का सामान अस्त-व्यस्त मिलने के बाद पुलिस को आशंका है कि चोरी के इरादे से महिला की हत्या की गई होगी।
मिली जानकारी के अनुसार, शोभा पंडित रोज सुबह घर के बाहर रखा दीया अंदर ले जाती थीं। रविवार सुबह दीया बाहर ही पड़ा रहा। उनकी रोजाना की दिनचर्या में आए इस बदलाव पर पड़ोसियों का ध्यान गया। जब उन्होंने घर के अंदर जाकर देखा तो महिला का शव बिस्तर पर पड़ा मिला। इसके बाद घटना की सूचना पुलिस को दी गई।
घर का सामान बिखरा हुआ मिलने से पुलिस चोरी के उद्देश्य से वारदात किए जाने की आशंका जता रही है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। घटनास्थल से फॉरेंसिक साक्ष्य जुटाने और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच के जरिए संदिग्धों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।
