मुख्यपृष्ठनए समाचारपत्रकारों व नागरिकों पर टूट पड़े भाजपाई!

पत्रकारों व नागरिकों पर टूट पड़े भाजपाई!

-महासभा में वीडियो रिकॉर्डिंग पर बवाल; प्रशासन की खामोशी संदेह के घेरे में, पत्रकारों का ‘ठिया आंदोलन’
सुरेश गोलानी / मुंबई
मीरा-भायंदर मनपा की महासभा में शुक्रवार को लोकतांत्रिक मर्यादाएं तार-तार होने का गंभीर मामला सामने आया। सदन की कार्यवाही की वीडियो रिकॉर्डिंग के संदेह में भाजपा की महिला नगरसेविकाओं और पदाधिकारियों पर पत्रकारों तथा नागरिकों से बदसलूकी, धक्का-मुक्की और मारपीट के आरोप लगे हैं। घटना सुरक्षा रक्षकों और पुलिस की मौजूदगी में होने का दावा किया गया है।
गौरतलब है कि सामाजिक कार्यकर्ता एड. कृष्णा गुप्ता की आरटीआई के जवाब में नगरसचिव विभाग ने बताया था कि महासभा की वीडियो रिकॉर्डिंग प्रतिबंधित करने वाला कोई कानून, नियम या सरकारी आदेश उपलब्ध नहीं है। रिकॉर्डिंग पर दंडात्मक कार्रवाई का प्रावधान भी नहीं बताया गया। ‘दोपहर का सामना’ पहले ही यह मुद्दा उठा चुका है।
दोषियों पर कार्रवाई की मांग
आखिर कैमरों से इतनी घबराहट क्यों? संसद और विधानसभाओं की कार्यवाही जनता देख सकती है, तो मनपा महासभा में पारदर्शिता पर सवाल क्यों? नागरिकों ने भ्रष्टाचार और वित्तीय गड़बड़ियां छिपाने की आशंका जताई है। घटना के विरोध में पत्रकारों ने सभागृह के बाहर ‘ठिया आंदोलन’ शुरू कर दोषियों पर कार्रवाई और प्रशासन से लिखित माफी की मांग की है।

 

 

अन्य समाचार