मुख्यपृष्ठनए समाचारसीईसी ज्ञानेश कुमार के कार्यकाल में...२० महीनों में २० राज्यों के मुख्य...

सीईसी ज्ञानेश कुमार के कार्यकाल में…२० महीनों में २० राज्यों के मुख्य निर्वाचन अधिकारी बदले

सात अधिकारियों का कार्यकाल दो साल से कम रहा; लक्षद्वीप, दिल्ली, पश्चिम बंगाल और केरल में भी हुए अहम बदलाव
सामना संवाददाता / नई दिल्ली
मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के फरवरी २०२५ में पदभार संभालने के बाद चुनाव आयोग के प्रशासनिक ढांचे में बड़े पैमाने पर अधिकारियों के तबादले हुए। उपलब्ध विवरण के मुताबिक, करीब २० महीनों के दौरान १८ से २० राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के मुख्य निर्वाचन अधिकारियों को बदला गया। इनमें सात अधिकारी ऐसे रहे, जिनका कार्यकाल दो साल से भी कम रहा।
इस अवधि में लक्षद्वीप, दिल्ली, पश्चिम बंगाल और केरल जैसे राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों में भी महत्वपूर्ण बदलाव किए गए। इन तबादलों के चलते राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में चुनाव आयोग का कामकाज संभालने वाले वरिष्ठ अधिकारियों की नियुक्तियों में उल्लेखनीय बदलाव देखने को मिला।
बिहार से शुरू हुआ तबादलों का सिलसिला
तबादलों की शुरुआत अप्रैल २०२५ में बिहार से हुई, जहां विनोद सिंह गुंजियाल ने एचआर श्रीनिवास की जगह मुख्य निर्वाचन अधिकारी का पद संभाला। इसके बाद मई २०२५ में नागालैंड और छत्तीसगढ़, जून में जम्मू-कश्मीर और हरियाणा तथा जुलाई में मध्य प्रदेश और कर्नाटक में नए मुख्य निर्वाचन अधिकारी नियुक्त किए गए। अगस्त में मणिपुर और लद्दाख में भी बदलाव हुए। साल के अंत में लक्षद्वीप के मुख्य निर्वाचन अधिकारी का तबादला किया गया। लक्षद्वीप में अधिकारियों के लगातार बदलने का मामला खास तौर पर सामने आया। नवंबर २०२५ से अक्टूबर २०२६ के बीच यहां तीन अलग-अलग अधिकारियों ने मुख्य निर्वाचन अधिकारी की जिम्मेदारी संभाली। २०२४ के लोकसभा चुनाव के दौरान इस पद पर रहे गौरव सिंह राजावत का नवंबर २०२५ में तबादला हुआ। जनवरी २०२६ में अवनीश कुमार ने पदभार संभाला, लेकिन जुलाई में उनकी जगह एएस शिवकुमार को नियुक्त कर दिया गया।
दिल्ली, पश्चिम बंगाल और केरल में भी अहम बदलाव
फरवरी २०२६ में दिल्ली की मुख्य निर्वाचन अधिकारी आर. एलिस वाज को पद से हटाकर अशोक कुमार को जिम्मेदारी दी गई। यह बदलाव दिल्ली में विशेष गहन पुनरीक्षण की तैयारियों के बीच हुआ। इसी महीने गुजरात में भी नए मुख्य निर्वाचन अधिकारी की नियुक्ति की गई। इसके बाद मार्च में सिक्किम और अप्रैल में चंडीगढ़ में बदलाव हुए।
निर्वाचन सदन में भी बड़े बदलाव
राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के अलावा नई दिल्ली स्थित निर्वाचन सदन में भी वरिष्ठ अधिकारियों के स्तर पर फेरबदल हुआ। उप निर्वाचन आयुक्तों के स्तर पर कम से कम चार बड़े बदलाव दर्ज किए गए। मई २०२५ में भानु प्रकाश येतुरु की नियुक्ति हुई, जबकि सितंबर २०२५ में पवन कुमार शर्मा इस पद पर आए। अगस्त २०२६ में उप निर्वाचन आयुक्त संजय कुमार को उनके मूल वैâडर में वापस भेजा गया। इसके बाद अक्टूबर २०२६ में प्रकाश राजपुरोहित को नियुक्त किया गया।

अन्य समाचार