बॉलीवुड के नवाब सैफ अली खान का घी वाला इनाम अब तक अटका पड़ा है! अमिताभ बच्चन के शो ‘कौन बनेगा करोड़पति’ में दो साल तक चलने लायक घी जीतने की खुशी तो खूब वायरल हुई, लेकिन सैफ के मुताबिक, अब तक न घी मिला और न ही चेक! हाल ही में करीना कपूर के साथ ‘द ग्रेट इंडियन कपिल शो’ में पहुंचे सैफ ने यह मजेदार खुलासा किया। कपिल शर्मा ने जब उनके इंस्टाग्राम पर आने को घी वाले इनाम से जोड़कर चुटकी ली, तो सैफ ने ऐसा जवाब दिया कि महफिल ठहाकों से गूंज उठी। सैफ ने मजाकिया अंदाज में कहा कि वह बस इतना साफ करना चाहते हैं कि उन्हें अभी तक घी नहीं मिला है, यहां तक कि चेक भी नहीं आया। पास बैठीं करीना भी हंस पड़ीं। अब सवाल यह है कि नवाब साहब को उनका घी और इनामी चेक आखिर कब मिलेगा? फिलहाल, घी से ज्यादा चर्चा सैफ के इस मजेदार तंज की हो रही है!
