मुख्यपृष्ठनए समाचारविपक्ष के आंदोलन में शामिल हुए शिंदे गुट के विधायक

विपक्ष के आंदोलन में शामिल हुए शिंदे गुट के विधायक

-संजय गायकवाड़ ने बढ़ाई महायुति की मुश्किलें

सामना संवाददाता / मुंबई
महाराष्ट्र में प्राकृतिक आपदा से प्रभावित किसानों को राहत देने के लिए घोषित ५,००० रुपये की अग्रिम सहायता को लेकर महायुति सरकार घिरती नजर आ रही है। अब सरकार के भीतर से ही इस सहायता राशि पर सवाल उठने लगे हैं। एकनाथ शिंदे गुट के विधायक संजय गायकवाड़ ने विपक्ष के आंदोलन में शामिल होकर अपनी ही सरकार की घोषणा पर नाराजगी जताई। उन्होंने ५,००० रुपये की सहायता को आपदा पीड़ित किसानों के साथ ‘भद्दा मजाक’ करार देते हुए ज्यादा आर्थिक मदद देने की मांग की। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी की ओर से किसानों को अपर्याप्त सहायता दिए जाने के विरोध में जिलाधिकारी कार्यालय के सामने प्रदर्शन किया जा रहा था। इसी दौरान वहां से गुजर रहे विधायक संजय गायकवाड़ को प्रदर्शनकारियों ने आंदोलन में शामिल होने का आग्रह किया। प्रदर्शनकारियों ने उन्हें प्रतीकात्मक रूप से कद्दू भी दिया। इसके बाद गायकवाड़ आंदोलन में शामिल हुए और सरकार की ओर से घोषित सहायता राशि पर खुलकर नाराजगी जताई।
‘किसानों के साथ भद्दा मजाक कर रही सरकार’
गायकवाड़ ने कहा कि आपदा पीड़ित किसानों की मदद के लिए कोई भी राजनीतिक दल आंदोलन करता है, तो यह अच्छी बात है। उन्होंने सरकार की ओर से घोषित सहायता को किसानों के साथ भद्दा मजाक बताया। विधायक ने मांग की कि सरकार नियमों में आवश्यक छूट देकर पिछली बार की तरह किसानों को तीन गुना सहायता दे, ताकि आपदा से हुए नुकसान की भरपाई में उन्हें वास्तविक राहत मिल सके।

अन्य समाचार