बोला-तुम सपा के एजेंट हो, अखिलेश से मिले हो
सामना संवाददाता / महोबा
यूपी के महोबा में भाजपा विधायक बृजभूषण राजपूत ने राजकीय कृषि बीज भंडार के गोदाम प्रभारी को सबके सामने एक के बाद तीन तमाचे जड़ दिए। उन्होंने कहा कि तुम सपा के एजेंट और अखिलेश यादव से मिले हो। गरीब लोगों की बलि क्यों चढ़ाना चाहते हो, बीज किसे भेज रहे थे। इसके लिए जूतों की माला मंगाओ। पूरे प्रकरण का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। हालांकि हिन्दुस्तान इसकी पुष्टि नहीं करता है। मामला गरमाया तो जिला कृषि अधिकारी की तहरीर पर पुलिस ने गोदाम प्रभारी और चतुर्थ श्रेणी कर्मी के खिलाफ एफआईआर दर्ज की। पूरे मामले की विभागीय जांच भी शुरू हो गई है। दोनों को निलंबित भी कर दिया गया।
आरोप है कि बीज भंडार के गोदाम प्रभारी सोनू सिंह यादव अफसरों के आदेश के बिना १०० बोरी चने के बीज गाड़ी में लादकर भेज रहे थे। इसकी सूचना मिलने पर विधायक भी पहुंच गए। वायरल वीडियो में चरखारी विधायक बृजभूषण राजपूत ने कहा कि सोनू यादव तुम बीज कहां भेज रहे थे, क्या तुम अंतरयामी हो। कहा, लहंगा-चुनरी मंगाओ और इसे पहनाकर जुलूस निकालो। विधायक किसानों को परेशान करने की बात कहकर कहते हैं कि ४० हजार रुपये वेतन पाने के बाद भी किसानों का शोषण किया जाता है, थप्पड़ मारते हुए बोले-अब जिले में ऐसा ही होगा।
