मुख्यपृष्ठस्तंभहॉलीवुड हॉटलाइन : पुतिन की ‘पॉर्न कैंची' हुस्न भी हुआ ‘हवालात’ के...

हॉलीवुड हॉटलाइन : पुतिन की ‘पॉर्न कैंची’ हुस्न भी हुआ ‘हवालात’ के हवाले!

-उमा सिंह

लो जी, पिछले साल ही सिर पर हुस्न का ताज सजाकर अपनी खूबसूरती के जलवे बिखेरने वाली हसीना के सितारे अब गर्दिश में नजर आ रहे हैं। जिस खूबसूरती पर ये हसीना कभी इतराया करती थीं, अब उसी के सामने जेल की सलाखों के पीछे जाने की नौबत आ गई है। आप भी चौंक गए न, कि भला ऐसा कैसे हो सकता है, लेकिन ये सच है। रूस में खूबसूरत दिखना तो शायद गुनाह नहीं, लेकिन खूबसूरती के साथ इंटरनेट पर क्या परोसा, यह अब जेल की हवा खिलाने का मामला बन सकता है। राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के रूस में ४० वर्षीय ओल्गा मुर की कहानी कुछ ऐसी ही है। कल तक सिर पर सौंदर्य प्रतियोगिता का ताज था, अब सिर पर छह साल की जेल की तलवार लटक रही है। आखिर हुस्न की दुनिया से अदालत के कटघरे तक यह सफर कैसे पहुंच गया?
ओल्गा ने आठ साल तक वकालत की, फिर कानून की किताबें छोड़कर ब्यूटी सैलून खोला। सौंदर्य प्रतियोगिताओं में जीत हासिल की और टीवी पर रिश्तों तथा निजी जिंदगी से जुड़े कार्यक्रमों की प्रस्तोता बन गर्इं। पिछले साल उन्होंने ‘मिस मॉस्को’ का खिताब भी जीता। मगर अब उन पर अश्लील सामग्री बनाने और बांटने का आरोप लगा है। दोष साबित हुआ तो छह साल तक सलाखों के पीछे रहना पड़ सकता है। ओल्गा को २८ अक्टूबर को मॉस्को की अदालत में पेश होना है। फिलहाल उनके देश छोड़ने पर पाबंदी है। दिलचस्प बात यह है कि उनके खिलाफ सटीक सबूतों का पूरा ब्योरा सार्वजनिक नहीं हुआ है। यानी आरोपों का फैसला अदालत करेगी, लेकिन मामला सुर्खियों में पहुंच चुका है। इससे पहले भी रूस में अश्लील सामग्री से जुड़े मामलों में मॉडल और सोशल मीडिया हस्तियों पर कार्रवाई हुई है। किसी को भारी जुर्माना, किसी को निलंबित सजा का सामना करना पड़ा। अब सवाल यह है कि इंटरनेट पर आजादी की सीमा आखिर तय कौन करेगा। कैमरे के सामने चमकने वाली दुनिया पर कानून की नजर कितनी सख्त होगी?

अन्य समाचार