मुख्यपृष्ठनए समाचारहर्षवर्धन सपकाल ने फडणवीस का मांगा इस्तीफा!

हर्षवर्धन सपकाल ने फडणवीस का मांगा इस्तीफा!

-टाइगर श्रॉफ पर गोलीबारी से बेनकाब हुई कानून-व्यवस्था
-मुंबई में फिल्मी सितारे ही सुरक्षित नहीं
सामना संवाददाता/ मुंबई
कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल ने अभिनेता टाइगर श्रॉफ की गाड़ी पर हुई गोलीबारी के बाद महाराष्ट्र की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए मुख्यमंत्री एवं गृहमंत्री देवेंद्र फडणवीस से इस्तीफे की मांग की है। उनका आरोप है कि मुंबई में कलाकारों को धमकियां मिलना और उन पर हमले होना गंभीर चिंता का विषय है। महाराष्ट्र में इस समय अपराधियों को खुली छूट और जनता को दहशत के साये में रहने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल ने इन तीखे शब्दों में मुख्यमंत्री एवं गृहमंत्री देवेंद्र फडणवीस पर निशाना साधा। उन्होंने मांग की कि फडणवीस नैतिक जिम्मेदारी स्वीकार करते हुए तत्काल अपने पद से इस्तीफा दें।
अभिनेता टाइगर श्रॉफ की गाड़ी पर गोलीबारी की घटना को लेकर सपकाल ने महायुति सरकार पर जोरदार हमला बोला। राज्य की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए उन्होंने गृहमंत्री की कार्यप्रणाली की आलोचना की। सपकाल ने आरोप लगाया कि महाराष्ट्र में महायुति सरकार ने जंगलराज कायम कर दिया है। मुंबई जैसे महानगर में अगर अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर दिनदहाड़े गोलीबारी हो सकती है, तो आम नागरिकों की सुरक्षा की गारंटी कौन देगा। राज्य में कानून-व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। अपराधियों के मन से कानून का डर खत्म हो गया है और पुलिस प्रशासन पर मुख्यमंत्री का नियंत्रण नहीं रह गया है।
देवेंद्र फडणवीस पूरी तरह विफल
सपकाल ने देवेंद्र फडणवीस को मुख्यमंत्री और गृहमंत्री के रूप में पूरी तरह विफल बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में अपराधियों को खुली छूट मिली हुई है, जबकि जनता भय के माहौल में जी रही है। ऐसी स्थिति के लिए नैतिक जिम्मेदारी स्वीकार करते हुए फडणवीस को तत्काल इस्तीफा देना चाहिए।
मुंबई में फिर लौट रहा वसूली का दौर
सपकाल ने आरोप लगाया कि महाराष्ट्र में कानून-व्यवस्था की स्थिति बेहद खराब हो गई है। राज्य में गैंगवार का माहौल बन रहा है और फिल्मी कलाकारों को लगातार धमकियां मिल रही हैं। उन्होंने कहा कि वसूली के लिए धमकियां देने का दौर फिर शुरू हो गया है और फिल्मी हस्तियों को निशाना बनाया जा रहा है।

अन्य समाचार