सामना संवाददाता / मुंबई
प्रदीप पूर्णेकर की हत्या को लेकर महाराष्ट्र कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल ने उप मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि ठाणे पुलिस की ओर से गठित विशेष जांच दल (एसआईटी) महज दिखावा है और इसके जरिए मुख्य साजिशकर्ताओं को बचाने की कोशिश की जा रही है। सपकाल ने चेतावनी दी कि सत्ता का खेल बदलता रहता है। सत्ता का इतना अहंकार और उन्माद ठीक नहीं है। जब सत्ता हाथ में नहीं रहेगी, तब आज के रवैये के परिणाम भी भुगतने पड़ सकते हैं।
पूर्णेकर के परिवार से मुलाकात के बाद सपकाल ने आरोप लगाया कि पुलिस ने असली आरोपियों को छोड़कर कथित भाड़े के हत्यारों पर कार्रवाई की है। परिवार की शिकायत और पत्नी-बच्चों के बयानों को भी नजरअंदाज किया जा रहा है। उन्होंने मांग की कि ठाणे जिले से बाहर के वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी के नेतृत्व में स्वतंत्र एसआईटी गठित की जाए और जांच उच्च न्यायालय की निगरानी में हो।
सरकार से सपकाल ने किए तीखे सवाल
कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष ने एसआईटी प्रमुख के आईपीएस अधिकारी नहीं होने पर भी सवाल उठाए। उन्होंने इसे सुविधाजनक जांच व्यवस्था बताते हुए कहा कि गृह विभाग को तत्काल स्वतंत्र जांच दल गठित करना चाहिए। साथ ही विशेष सरकारी वकील नियुक्त किया जाए।
