-`इंडिया’ की ताकत! लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए देश एकजुट
सामना संवाददाता / नई दिल्ली
वोट चोरी के खिलाफ देश की जनता की कल अभूतपूर्व `क्रांति’ दिखाई दी। `घोटालेबाज मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को भगाओ और एसआईआर रद्द करो’ का नारा देते हुए `इंडिया’ गठबंधन ने राजधानी दिल्ली में एक अति-विराट रैली निकाली। इस रैली के लिए रामलीला मैदान में भारी जनसैलाब उमड़ पड़ा। लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए पूरा देश एकजुट हो गया है। राजधानी का रामलीला मैदान रविवार को चुनाव आयोग के खिलाफ विपक्ष के व्यापक विरोध प्रदर्शन का केंद्र बन गया। विपक्ष के नेता राहुल गांधी के नेतृत्व में हुई इस रैली में कांग्रेस, शिवसेना, तृणमूल कांग्रेस, राष्ट्रवादी कांग्रेस, समाजवादी पार्टी, आरजेडी समेत देश के करीब २० से अधिक राजनीतिक दलों के नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए।
कांग्रेस नेता राहुल गांधी, पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और `इंडिया’ गठबंधन के नेताओं की अगुवाई में हजारों प्रदर्शनकारियों ने मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी एसआईआर को लेकर सवाल उठाए और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की। राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को संबोधित करते हुए चेतावनी दी कि वे जवाबदेही से बच नहीं सकते। उन्होंने कहा कि वे ऐसा भारत चाहते हैं जहां किसान को उसकी मेहनत का फल मिले और दिन-रात पढ़ाई करने वाले विद्यार्थियों को न्यायपूर्ण अवसर उपलब्ध हों।
रामलीला मैदान से उठे सवाल
प्रदर्शन में चुनाव आयोग की जवाबदेही, संवैधानिक संस्थाओं की स्वतंत्रता और नागरिकों के मताधिकार को प्रमुख मुद्दा बनाया गया। खड़गे ने कहा कि मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे तक विपक्ष अपना संघर्ष जारी रखेगा। दूसरी ओर भाजपा ने विपक्ष के आरोपों का विरोध किया। इस राजनीतिक टकराव का सबसे महत्वपूर्ण प्रश्न यह है कि मतदाता सूची से हटाए गए नामों की श्रेणीवार जानकारी, नोटिस प्रक्रिया और पात्र नागरिकों को उपलब्ध अपील के अवसर कितने पारदर्शी हैं। विपक्ष के आरोप और आयोग के स्पष्टीकरण के बीच अब निर्णायक कसौटी दस्तावेजी प्रमाण तथा न्यायिक परीक्षण होंगे।
रामलीला मैदान से राहुल की ललकार
‘कहीं भाग नहीं सकते मोदी!’
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने रविवार को रामलीला मैदान में एक बड़ी रैली को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को सीधी चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी अब कहीं नहीं जा सकते, हम उन्हें जाने नहीं देंगे। राहुल गांधी ने कहा कि देश की आत्मा, लोकतंत्र और संविधान पर हमला हुआ है और वे इसे बर्दाश्त नहीं करेंगे।
‘ज्ञानेश कुमार रात को सो नहीं पाता, वो डर रहा है’
राहुल गांधी का सीधा हमला
दिल्ली के रामलीला मैदान में रविवार को `इंडिया’ गठबंधन की महारैली चुनाव आयोग और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विपक्ष के तीखे राजनीतिक हमलों का मंच बन गई। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर निशाना साधते हुए कहा, ‘ज्ञानेश कुमार रात को सो नहीं पाता, वो डर रहा है।’ राहुल गांधी ने मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी एसआईआर और कथित वोट चोरी को लेकर चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर सवाल उठाए। उनका आरोप था कि निर्वाचन प्रक्रिया में अनियमितताओं के जरिए नागरिकों के मतदान अधिकार प्रभावित किए जा रहे हैं। उन्होंने इन मामलों में जवाबदेही तय करने की मांग की।
