मुख्यपृष्ठनए समाचार`वोट की लूट नहीं सहेंगे, ज्ञानेश कुमार को हटाकर रहेंगे!'..रामलीला मैदान से...

`वोट की लूट नहीं सहेंगे, ज्ञानेश कुमार को हटाकर रहेंगे!’..रामलीला मैदान से विपक्ष की हुंकार!

-फारूक अब्दुल्ला, महबूबा मुफ्ती, शशि थरूर व अन्य नेताओं ने चुनाव आयोग, एसआईआर और कथित वोट चोरी पर उठाए सवाल
सामना संवाददाता / नई दिल्ली
`इंडिया’ गठबंधन की ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ महारैली में राहुल गांधी, मल्लिकार्जुन खड़गे, प्रियंका गांधी, ममता बनर्जी और तेजस्वी यादव के अलावा भी कई विपक्षी नेताओं ने अपनी बात रखी। इनमें जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री फारूक अब्दुल्ला और महबूबा मुफ्ती प्रमुख रहे। वहीं शशि थरूर, केसी वेणुगोपाल तथा अन्य कांग्रेस नेताओं ने रैली के दौरान मीडिया से बातचीत में चुनाव आयोग पर सवाल उठाए।
‘ज्ञानेश कुमार को पद से हटाकर रहेंगे!’
कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने इंडिया गठबंधन की रामलीला मैदान महारैली को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह के लिए कड़ी राजनीतिक चेतावनी बताया। वेणुगोपाल ने दावा किया कि रैली में दिखाई दिए जनसमर्थन से केंद्र सरकार पर दबाव बढ़ा है। उन्होंने कहा कि विपक्ष मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने की मांग पर कायम है। कांग्रेस नेता ने विश्वास जताया कि ज्ञानेश कुमार को पद छोड़ना पड़ेगा। उन्होंने इसे केवल कांग्रेस का मुद्दा नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक संस्थाओं में जनता के विश्वास से जुड़ा सवाल बताया।
‘हमने इस देश के लिए खून दिया है और आगे भी देते रहेंगे!’
नेशनल कॉन्फ्रेंस के अध्यक्ष फारूक अब्दुल्ला ने रविवार को रामलीला मैदान में `इंडिया’ गठबंधन की महारैली से भाजपा और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ पर निशाना साधते हुए देश के मुसलमानों की देशभक्ति पर सवाल उठाए जाने का विरोध किया। फारूक अब्दुल्ला ने कहा कि मुसलमानों को पाकिस्तानी बताने वाले यह भूल जाते हैं कि इस देश की आजादी और सुरक्षा में मुसलमानों ने भी योगदान दिया है। उन्होंने भाजपा और आरएसएस को संबोधित करते हुए कहा कि हमने इस देश के लिए खून दिया है और आगे भी देते रहेंगे। उन्होंने भारतीय पहचान और देश के प्रति अपनी प्रतिबद्धता पर जोर देते हुए कहा कि मुसलमानों को बार-बार अपनी देशभक्ति साबित करने की जरूरत नहीं होनी चाहिए।
प्रियंका गांधी समेत विपक्ष का शक्ति प्रदर्शन
दिल्ली के रामलीला मैदान में रविवार को आयोजित `इंडिया’ गठबंधन की ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ महारैली में कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा की मौजूदगी भी चर्चा में रही। राहुल गांधी, सोनिया गांधी, मल्लिकार्जुन खड़गे, अखिलेश यादव, ममता बनर्जी सहित विपक्ष के प्रमुख नेताओं की भागीदारी वाली इस सभा में मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी एसआईआर और चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली को लेकर गंभीर सवाल उठाए गए।

अन्य समाचार