मुख्यपृष्ठनए समाचारछात्रों के जूते और घड़ियों में मचे ‘लूटतंत्र' की होगी जांच...मीरा-भायंदर मनपा...

छात्रों के जूते और घड़ियों में मचे ‘लूटतंत्र’ की होगी जांच…मीरा-भायंदर मनपा के अतिरिक्त आयुक्त की अध्यक्षता में कमेटी गठित

सुरेश गोलानी / मुंबई
‘दोपहर का सामना’ में मीरा-भायंदर महानगरपालिका में चल रहे कथित भ्रष्टाचार और वित्तीय अनियमितताओं की खबरों को प्रमुखता से प्रकाशित किए जाने के बाद प्रशासन में हड़कंप मच गया है। अखबार में छपी खबरों का बड़ा असर देखने को मिला है। मनपा आयुक्त ने इन गंभीर मामलों पर त्वरित संज्ञान लेते हुए एक उच्च स्तरीय जांच समिति का गठन कर दिया है। गौरतलब है कि हाल ही में संपन्न हुए ‘अंतरराष्ट्रीय योग दिवस’ कार्यक्रम के आयोजन में भारी फिजूलखर्ची और कथित फर्जीवाड़े का मामला सामने आया था। आरोप है कि बाजार में मिलने वाली ४०४ रुपये की दीवार घड़ी को मनपा द्वारा २,००० रुपये यानी कि पांच गुना अधिक दर पर खरीदा गया। इसके अलावा, जिन दुकानों से कोटेशन मंगाए गए थे, वे जमीनी स्तर पर अस्तित्व में ही नहीं थीं।
दूसरा गंभीर मामला मनपा के शिक्षा विभाग से जुड़ा है, जिसमें स्कूली विद्यार्थियों के लिए बैग, जूते और अन्य सामग्री की खरीद में भ्रष्टाचार के आरोप लगे हैं। उदाहरण हेतु शिकायतकर्ता कृष्णा गुप्ता द्वारा सूचना के अधिकार से प्राप्त मिली जानकारी के मुताबिक, ‘नवकार यूनिफॉर्म्स’ को दिए गए टेंडर में विद्यार्थियों को ५०० रुपये प्रति जोड़ी की दर से जूते बांटे गए। जबकि बाजार और निर्माता कंपनी से सत्यापन करने पर पता चला कि इन जूतों की वास्तविक कीमत महज १६० रुपये प्रति जोड़ी थी। इस प्रकार मनपा अधिकारियों और ठेकेदारों की मिलीभगत से सार्वजनिक निधि को करीब ३५ लाख रुपए का चूना लगाने का आरोप है। इन दोनों संवेदनशील मामलों की सत्यता का पता लगाने और प्रशासन की छवि को धूमिल होने से बचाने के लिए अतिरिक्त आयुक्त डॉ. संभाजी पानपट्टे की अध्यक्षता में चार सदस्यीय समिति गठित की गई है।
इस समिति में मुख्य लेखापरीक्षक सुधीर नाकाडी, मुख्य लेखा व वित्त अधिकारी शिरीष कुमार धनवे और शाखा अभियंता चेतन म्हात्रे को शामिल किया गया है। उपायुक्त प्रणाली घोंगे द्वारा आयुक्त के आदेश पर समिति का गठन किया गया जो शिकायतकर्ता के आरोपों की गहन जांच करेगी, दोषियों का उत्तरदायित्व निश्चित करेगी और जल्द से जल्द मनपा आयुक्त को अपनी रिपोर्ट सौंपकर कानूनी कार्रवाई की सिफारिश करेगी।

अन्य समाचार