-टाइगर श्रॉफ के बाद अब तुषार कपूर को ५ करोड़ की फिरौती की धमकी
-सलमान खान, रोहित शेट्टी और रणवीर सिंह के बाद फिल्म इंडस्ट्री में फिर दहशत
फिरोज खान / मुंबई
मुंबई में अंडरवर्ल्ड का सफाया करने और संगठित अपराध पर लगाम लगाने के सरकारी दावे बुरी तरह खोखले नजर आ रहे हैं। टाइगर श्रॉफ की कार पर हुई फायिंरग के बाद मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने बड़े दावे के साथ कहा था कि महाराष्ट्र के बाहर और विदेश में बैठे साजिश के मास्टरमाइंड को भी ढूंढ़ निकाला जाएगा और अपराधियों के मंसूबे कामयाब नहीं होंगे। पुलिस उन्हें उनके अंजाम तक पहुंचाएगी। वहीं उप मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा था मुंबई में दोबारा १९९० के दशक जैसा गैंगवार नहीं होने देंगे। किसी भी गैंग को मुंबई में दहशत फैलाने की इजाजत नहीं मिलेगी। उन्होंने यह भी कहा था कि हमलावरों को उन्हीं की भाषा में जवाब दिया जाएगा और किसी भी गैंगस्टर को बख्शा नहीं जाएगा। दोनों का बयान फुसके बम की तरह साबित हो रहा है। दोनों नेता सिर्फ बयानबाजी करके अंडरवर्ल्ड पर लगाम लगाने की सोच रहे हैं। वहीं गैंगस्टर फिल्मी हस्तियों को लगातार धमका रहा है। फडणवीस के नेतृत्व वाला गृह विभाग मुंबई से अंडरवर्ल्ड का आतंक खत्म करने में नाकाम साबित हो रहा है। ताजा मामला अभिनेता और फिल्म निर्माता तुषार कपूर से जुड़ा है। मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, तुषार कपूर को फोन करके उनसे ५ करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गई। फोन करने वाले ने खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ा हैरी बॉक्सर बताया। अभिनेता ने इसकी शिकायत मुंबई पुलिस से की। मामला एंटी एक्सटॉर्शन सेल और क्राइम ब्रांच को सौंपा गया है। पुलिस को शक है कि किसी ने बिश्नोई गैंग का नाम इस्तेमाल कर अभिनेता को डराने की कोशिश की है। यानी गैंग का नाम लेकर रंगदारी मांगने वालों का एक अलग खतरा भी सामने आ रहा है।
लेकिन यह घटना अकेली नहीं है। हाल ही में टाइगर श्रॉफ को निशाना बनाकर जुहू में फायरिंग की घटना सामने आई थी। इससे पहले सलमान खान, रोहित शेट्टी और रणवीर सिंह जैसे सितारों को भी धमकियां मिल चुकी हैं। महायुति राज में मुंबई में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। जेल में बंद गैंगस्टर अपने नाम की धमकियां दे रहे हैं। पुलिस केवल शूटरों और छोटे गुर्गों को पकड़ पा रही है, जबकि असली नेटवर्क, फंडिंग और विदेशों से बैठकर गिरोह चलाने वालों तक कार्रवाई नहीं पहुंच रही है।
