-२४ घंटे घरों में कैद रहने की चेतावनी!
-ट्रंप की धमकियों के बीच ईरान ने जारी की जान बचाने की गाइडलाइन
एजेंसी / नई दिल्ली
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की युद्धोन्मादी धमकियों ने ईरान में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है। अमेरिकी हमले की आशंकाओं के बीच अब ईरान सरकार अपने नागरिकों को परमाणु विस्फोट से बचने के तरीके सिखाने में जुट गई है। सरकारी टेलीविजन पर करीब आठ मिनट का विशेष वीडियो जारी कर लोगों को बताया गया है कि परमाणु धमाका होने पर जान कैसे बचाई जाए। बेसमेंट में छिपने से लेकर एसी बंद करने और रेडियोएक्टिव धूल से बचने तक के निर्देश दिए गए हैं। हालात की गंभीरता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि लोगों को संभावित हमले के बाद कम से कम २४ घंटे तक सुरक्षित ठिकानों में रहने की तैयारी करने को कहा गया है।
क्या ईरान पर गिरने वाला है परमाणु बम?
परमाणु युद्ध का खतरा अब केवल आशंका नहीं, बल्कि आम नागरिकों की जिंदगी में डर बनकर उतरने लगा है। ईरान की ओर से जारी सुरक्षा निर्देशों ने दुनिया को फिर परमाणु तबाही की दहलीज पर खड़े होने का एहसास करा दिया है। सवाल है, क्या महाशक्तियां दुनिया को इसी भय में जीने के लिए मजबूर कर रही हैं?
ईरानी प्रशासन ने नागरिकों को इमारतों के बेसमेंट या बीच के हिस्से में रहने की सलाह दी है। खिड़कियों और बाहरी दीवारों से दूर रहने, दरवाजे-खिड़कियां बंद रखने तथा बाहर की हवा खींचने वाले एसी और वेंटिलेशन सिस्टम बंद करने के निर्देश दिए गए हैं। संभावित रेडियोएक्टिव प्रदूषण से बचने के लिए कम से कम २४ घंटे सुरक्षित ठिकाने पर रहने की तैयारी करने को कहा गया है। ईरान ने इस अभियान को अपने वार्षिक नागरिक सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम से जोड़ा है, लेकिन परमाणु विस्फोट से बचने के इतने विस्तृत निर्देशों ने अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर चिंता बढ़ा दी है। सवाल यह है कि दुनिया को युद्ध की आग में झोंकने की धमकियां देने वाली अमेरिकी सत्ता क्या अब परमाणु तबाही की आशंकाओं को भी सामान्य बनाने में जुटी है? परमाणु विस्फोट के बाद रेडियोएक्टिव धूल का खतरा दूर-दूर तक फैल सकता है। ऐसे में बाहर पहने गए कपड़ों को सावधानी से उतारकर सीलबंद थैली में रखने और साबुन-पानी से शरीर साफ करने की सलाह दी गई है। खाने-पीने के लिए पैकेटबंद खाद्य पदार्थ और बोतलबं द पानी इस्तेमाल करने को कहा गया है।
`हम ट्रंप को मार डालेंगे’…ईरान की सड़कों पर लगे बड़े होर्डिंग्स
ईरान की राजधानी तेहरान में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का एक बड़ा सा होर्डिंग लगाया गया। इसमें ट्रंप को जेल की सलाखों के पीछे सिर झुकाए दिखाया गया है। होर्डिंग पर बड़े अक्षरों में लिखा है, `हम ट्रंप को मार डालेंगे’। यह होर्डिंग तेहरान के व्यस्त इलाके एंगेलाब स्क्वायर पर लगाया गया है। इसके अलावा शहर में कई जगह ऐसे बैनर और पोस्टर लगाए गए हैं, जिनमें अमेरिका और इजरायल के खिलाफ बदले की बात कही गई है।
